लुंगी में फरियादी की सुनवाई करना ASI को पड़ा महंगा, वायरल वीडियो के बाद निलंबित

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 15 जुलाई। राजधानी पटना के अथमलगोला थाना में तैनात एक सहायक उपनिरीक्षक (ASI) का ड्यूटी के दौरान लुंगी में फरियादी से बातचीत करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने प्रथम दृष्टया मामले को गंभीर मानते हुए एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश भी दिए गए हैं।

वायरल वीडियो में अथमलगोला थाना परिसर के भीतर एएसआई अंजनी कुमार सिंह सिर्फ लुंगी पहने नज़र आ रहे हैं और एक फरियादी से केस से जुड़े दस्तावेज लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में उनके पास एक अन्य पुलिसकर्मी वर्दी में मौजूद है। इस दौरान एएसआई फरियादी को थाने के अंदर वीडियो नहीं बनाने की बात कहते भी नजर आते हैं।

विवाद बढ़ने पर एएसआई अंजनी कुमार सिंह ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि वह शौचालय जाने के लिए निकले थे। इसी दौरान नालंदा से आए कुछ लोग बरामद मोटरसाइकिल से जुड़े मामले में उनसे मिलने थाने पहुंचे। उनके अनुसार, फरियादी उनका नाम लेकर पूछ रहे थे, इसलिए उन्होंने उसी स्थिति में उनसे आवश्यक कागजात-एफआईआर की प्रति, बाइक की ऑनर बुक और आधार कार्ड की कॉपी-ले ली। इसके बाद वह शौचालय चले गए।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

एएसआई ने यह भी आरोप लगाया कि थाने पहुंची एक महिला शिक्षिका ने जानबूझकर उनका वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। उनका कहना है कि संबंधित मामला टाटा शहर का था और उन्होंने महिला को वहीं प्राथमिकी दर्ज कराने की सलाह दी थी। वहीं, बरामद बाइक के मामले में नालंदा से आए लोगों को उन्होंने स्वयं फोन कर थाने बुलाया था।

ग्रामीण एसपी कुंदन कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो और शुरुआती जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर एएसआई अंजनी कुमार सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की विभागीय जांच कराई जा रही है और जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article