CM सम्राट का सख्त संदेश: फेसबुक पर अभद्रता और अफवाह फैलाने वालों की अब खैर नहीं

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: भागलपुर, 15 जुलाई। बुधवार को भागलपुर में 211 नए डिग्री कॉलेजों के वर्चुअल उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार की कानून-व्यवस्था को प्रमुख मुद्दा बनाया। उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज सर्वोच्च है और इसे और अधिक मजबूत बनाने के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है।

भागलपुर से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपराधियों, कानून तोड़ने वालों और सोशल मीडिया पर अभद्रता फैलाने वालों को कड़ा संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बिहार में अपराध और अराजकता के लिए अब कोई जगह नहीं है। कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही फेसबुक समेत सोशल मीडिया पर गाली-गलौज, अफवाह और भ्रामक सामग्री फैलाने वालों को चेतावनी देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासन की उन पर लगातार नजर है और कानून का उल्लंघन करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

सोशल मीडिया के बढ़ते दुरुपयोग पर मुख्यमंत्री ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कुछ लोग फेसबुक और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल अफवाह फैलाने, भ्रामक जानकारी प्रसारित करने और अभद्र भाषा का प्रयोग करने के लिए कर रहे हैं। ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि सरकार और साइबर एजेंसियों की हर गतिविधि पर पैनी नजर है।

सोशल मीडिया के माध्यम से समाज का माहौल बिगाड़ने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने साफ कहा कि डिजिटल प्लेटफॉर्म पर गाली-गलौज, भड़काऊ पोस्ट और अशोभनीय व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने मंच से अपराधियों को सख्त लहजे में अल्टीमेटम दिया कि उनके पास अब केवल दो ही रास्ते बचे हैं; या तो वे तुरंत बिहार की सीमा छोड़ दें या फिर हमेशा के लिए अपराध का रास्ता त्याग दें। उन्होंने कड़े रुख में कहा कि अगर कोई कानून को चुनौती देगा, तो उसकी खैर नहीं होगी. बता दें कि मुख्यमंत्री ने बिहार पुलिस को अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने के लिए पहले से फ्री-हैंड दे दिया है।

Share This Article