NEWS PR डेस्क: सिवान, 15 जुलाई। जिले में उच्च शिक्षा के विस्तार की दिशा में बुधवार को बड़ा कदम उठाया गया। सिवान के 10 प्रखंडों में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का शुभारंभ किया गया। इसके साथ ही इन कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियों की भी शुरुआत हो गई। उद्घाटन समारोह में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शिक्षकों, छात्र-छात्राओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
जिले के आंदर, हुसैनगंज, बसंतपुर, भगवानपुर हाट, लकड़ी नबीगंज, दरौली, नौतन, गुठनी, सिसवन और दरौंदा प्रखंडों में स्थापित नए डिग्री कॉलेजों में एक साथ कार्यक्रम आयोजित किए गए। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम भागलपुर के गोराडीह में आयोजित हुआ, जहां मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने राज्य के 211 नए डिग्री कॉलेजों में पठन-पाठन कार्य का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सीधा प्रसारण सिवान के सभी नए कॉलेजों में भी किया गया।
सिवान जिले का मुख्य समारोह हुसैनगंज डिग्री कॉलेज में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला परिषद अध्यक्ष संगीता देवी ने किया। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त, जिला शिक्षा पदाधिकारी, विशेष कार्य पदाधिकारी, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक एवं उच्च शिक्षा), कॉलेज के प्राचार्य समेत कई प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। वहीं अन्य नौ प्रखंडों में भी स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में उद्घाटन कार्यक्रम संपन्न हुआ।

जिला प्रशासन ने बताया कि नए राजकीय डिग्री कॉलेजों के शुरू होने से जिले के विद्यार्थियों, खासकर छात्राओं, को अपने क्षेत्र के नजदीक ही स्नातक स्तर की पढ़ाई का अवसर मिलेगा। इससे दूर-दराज के कॉलेजों पर निर्भरता कम होगी और उच्च शिक्षा तक पहुंच आसान बनेगी।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने इन संस्थानों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, नवाचार और रोजगारोन्मुखी शिक्षण के केंद्र के रूप में विकसित करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि नए कॉलेज जिले में शिक्षा के स्तर को मजबूत करने के साथ युवाओं के भविष्य को नई दिशा देंगे।
जिला प्रशासन ने सफल आयोजन में सहयोग देने वाले जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों और स्थानीय नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि ये नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालय आने वाले समय में सिवान को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान दिलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।
