NEWS PR डेस्क:श्रावणी मेला की तैयारियों को लेकर बिहार सरकार के पथ निर्माण मंत्री इंजीनियर शैलेन्द्र कुमार गुरुवार को भागलपुर जिले के सुल्तानगंज स्थित अजगैबीनाथ धाम पहुंचे। इस दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेला की तैयारियों का जायजा लिया और सभी कार्य 22 जुलाई तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया।

अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक
मंत्री ने मसदी पंचायत स्थित डाक बंगला निरीक्षण भवन में पुल निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ श्रावणी मेला से जुड़े कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। इसके बाद नगर परिषद सुल्तानगंज के सभागार में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और वार्ड पार्षदों के साथ बैठक कर मेला क्षेत्र में सामने आ रही समस्याओं और उनके समाधान पर चर्चा की।
बैठक में विधायक प्रो. ललित नारायण मंडल, एसडीओ धनंजय कुमार, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी अभिषेक आनंद, जदयू जिलाध्यक्ष विवेकानंद गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष संतोष साह समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
मेला क्षेत्र का किया निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद मंत्री ने मारवाड़ी युवा मंच में स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध नागरिकों से संवाद किया। इसके बाद उन्होंने अजगैबीनाथ गंगा घाट, नमामि गंगे घाट और कच्ची कांवरिया पथ का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
22 जुलाई तक सभी कार्य पूरे करने की डेडलाइन
मीडिया से बातचीत में मंत्री शैलेन्द्र कुमार ने कहा कि श्रावणी मेला में आने वाले कांवरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अधिकारियों, वार्ड पार्षदों और स्थानीय नागरिकों से सुझाव लिए गए हैं। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिया है कि 22 जुलाई तक मेला से जुड़े सभी कार्य पूरे कर लिए जाएं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की असुविधा न हो और मेला पूरी तरह व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो।
फोरलेन सड़क की दरार पर भी बोले मंत्री
फोरलेन सड़क में उद्घाटन से पहले आई दरार के सवाल पर मंत्री ने कहा कि मामले की जानकारी विभागीय अधिकारियों को दी जाएगी और आवश्यक मरम्मत कराई जाएगी।
ये लोग रहे मौजूद
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि पवन केसान, समाजसेवी विनय शर्मा, वार्ड पार्षद रामानंद पासवान, विनोद रजक, संजय चौधरी, रुबी देवी, जदयू प्रखंड अध्यक्ष सदानंद कुमार, पूर्व उपसभापति मनीष कुमार, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि मुकेश कुशवाहा, सुभाष कुमार, मो. इजरायल सहित कई जनप्रतिनिधि, वार्ड पार्षद और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
