बिहार में IAS अधिकारियों का मेगा ट्रांसफर, शिक्षा, कृषि, IT समेत कई विभागों में बदलाव

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क: बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से गुरुवार को वरिष्ठ IAS अधिकारियों के बड़े पैमाने पर तबादले और नई नियुक्तियों का आदेश जारी किया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ग्रामीण कार्य, सूचना प्रौद्योगिकी (IT), खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, खेल, उच्च शिक्षा, कृषि और शिक्षा विभाग में महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं।


अभय कुमार सिंह को ग्रामीण कार्य विभाग की कमान
2004 बैच के वरिष्ठ IAS अधिकारी अभय कुमार सिंह को सूचना प्रौद्योगिकी (IT) विभाग के सचिव पद से हटाकर ग्रामीण कार्य विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है। हालांकि, अगले आदेश तक वे IT विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। 2005 बैच के IAS अधिकारी देवेश सेहरा का भी विभाग बदल दिया गया है। अब उन्हें खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग का सचिव बनाया गया है। साथ ही, अगले आदेश तक वे सामान्य प्रशासन विभाग में जांच आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी संभालेंगे।
दीपक आनंद को खेल विभाग की कमान
2007 बैच के IAS अधिकारी दीपक आनंद को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के सचिव पद से स्थानांतरित कर खेल विभाग का सचिव बनाया गया है। अब वे राज्य में खेल विभाग से जुड़ी नीतियों और योजनाओं की जिम्मेदारी संभालेंगे।2010 बैच के IAS अधिकारी राजीव रौशन, जो वर्तमान में उच्च शिक्षा विभाग के सचिव हैं, उन्हें बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की प्रक्रिया पूरी होने तक शिक्षा विभाग और खेल विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसके अलावा वे वित्त विभाग में सचिव (संसाधन) के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभाते रहेंगे।
रचना पाटिल को कृषि विभाग का अतिरिक्त प्रभार
2010 बैच की IAS अधिकारी रचना पाटिल, जो फिलहाल वित्त विभाग में सचिव (व्यय) के पद पर कार्यरत हैं, उन्हें अगले आदेश तक कृषि विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। सरकार ने धर्मेंद्र कुमार को शिक्षा विभाग के विशेष सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया है। इस फैसले के बाद शिक्षा विभाग में प्रशासनिक जिम्मेदारियों का नया बंटवारा किया गया है।
प्रशासनिक व्यवस्था को मिलेगी मजबूती
दरअसल राज्य सरकार का यह व्यापक प्रशासनिक फेरबदल विभागीय कार्यों में गति लाने, बेहतर समन्वय स्थापित करने और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से किया गया है। नई जिम्मेदारियां संभालने वाले अधिकारी जल्द ही अपने-अपने विभागों में कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Share This Article