NEWS PR डेस्क: NEWS PR डेस्क: भागलपुर के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत परबत्ता थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन से एक मुंशी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।

निर्माणाधीन भवन से मिला शव
घटना परबत्ता थाना क्षेत्र के जमुनिया बहियार स्थित निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन की है। शनिवार सुबह करीब 10 बजे पुलिस को भवन परिसर में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही परबत्ता थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को अपने कब्जे में ले लिया।
एसपी और एफएसएल टीम ने किया निरीक्षण
मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया के पुलिस अधीक्षक (एसपी) और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) भी घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके को सुरक्षित कर फॉरेंसिक साइंस लैब (एफएसएल) की टीम को बुलाया, जिसने वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया शुरू की। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान कदवा थाना क्षेत्र के आश्रम टोला निवासी बृजेश कुमार (33 वर्ष), पिता नित्यानंद यादव, के रूप में हुई है। वह निर्माणाधीन पंचायत सरकार भवन में मुंशी के रूप में कार्यरत थे।
सिर पर चोट के निशान, हत्या की आशंका
प्राथमिक जांच में मृतक के सिर पर दो स्थानों पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के निशान मिले हैं। इन चोटों के आधार पर पुलिस हत्या की आशंका से इनकार नहीं कर रही है। हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।
सभी पहलुओं पर जांच
स्थानीय लोगों के बीच घटना को लेकर विभिन्न तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोगों का कहना है कि मृतक नशे का आदी था और घटना का संबंध किसी विवाद से हो सकता है। हालांकि पुलिस ने इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और कहा है कि जांच पूरी होने से पहले किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट, एफएसएल जांच तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
