यूपी विधानसभा चुनाव 2027: सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी में LJPR, चिराग पासवान का बड़ा ऐलान

Amit Singh

NEWS PR डेस्क: ग्रेटर नोएडा/पटना,18 जुलाई। केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बड़ा राजनीतिक संकेत दिया है। उन्होंने घोषणा की कि उनकी पार्टी राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की तैयारी कर रही है। इसके लिए उत्तर प्रदेश इकाई जल्द ही केंद्रीय संसदीय बोर्ड को औपचारिक प्रस्ताव भेजेगी।

ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित इंडिया एक्सपो एंड मार्ट में आयोजित ‘मिराकी’ कार्यक्रम में चिराग पासवान ने कहा कि पार्टी उत्तर प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत करने के साथ चुनावी रणनीति पर तेजी से काम कर रही है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिस तरह बिहार में पार्टी को जनसमर्थन मिला है, उसी तरह उत्तर प्रदेश में भी बेहतर प्रदर्शन किया जाएगा।

गठबंधन की संभावनाओं पर पूछे गए सवाल के जवाब में चिराग पासवान ने कहा कि अभी इस संबंध में कोई अंतिम फैसला नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि पार्टी गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या अकेले मैदान में उतरेगी, इस पर आने वाले समय में निर्णय लिया जाएगा।

चिराग पासवान ने कहा कि लोजपा (रामविलास) अब केवल बिहार तक सीमित पार्टी नहीं रहना चाहती, बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर अपना संगठन लगातार मजबूत कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश में हाल के दिनों में दो बड़े संगठनात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं, जबकि उत्तराखंड में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक हो चुकी है। पंजाब में भी जल्द संगठन विस्तार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

उन्होंने दावा किया कि पार्टी की मौजूदगी देश के कई राज्यों में लगातार बढ़ रही है। झारखंड और नागालैंड में पार्टी के विधायक हैं, जबकि अरुणाचल प्रदेश और दमन-दीव समेत अन्य राज्यों में भी संगठन का विस्तार किया जा रहा है। चिराग पासवान ने कहा कि आने वाले समय में लोजपा (रामविलास) देशभर में अपनी राजनीतिक भागीदारी को और मजबूत करने की दिशा में काम करेगी।

Share This Article