जमीन विवाद में चली गोलियां, पीड़ित की शिकायत पर पांच नामजद पर एफआईआर

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: रोहतास जिले के बड़हरी थाना क्षेत्र के बलभद्रपुर गांव में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। विवादित जमीन पर धान रोपनी के दौरान हुई फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने पांच नामजद और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

हथियार के बल पर जमीन कब्जाने का आरोप
भानपुर गांव निवासी शिवपरसन सिंह ने बड़हरी थाने में दर्ज कराई शिकायत में आरोप लगाया है कि आरोपी शशि रंजन सिंह समेत अन्य लोगों ने हथियार के बल पर उन्हें डराने-धमकाने का प्रयास किया। विरोध करने पर गाली-गलौज की गई और उनकी जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की गई।
2023 में खरीदी थी जमीन
शिवपरसन सिंह का कहना है कि उन्होंने वर्ष 2023 में बलभद्रपुर गांव निवासी स्वर्गीय हरिकेश सिंह के पुत्र विकास रंजन से कानूनी प्रक्रिया के तहत जमीन खरीदी थी। रजिस्ट्री होने के बावजूद अब कुछ लोग उन्हें जमीन पर कब्जा लेने से रोक रहे हैं और लगातार धमकी दे रहे हैं। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग भी की। घटना के बाद से दोनों पक्षों के बीच तनाव बना हुआ है। हालांकि इस घटना में किसी के घायल होने या हताहत होने की सूचना नहीं है।
फायरिंग का वीडियो वायरल
घटना से जुड़ा एक कथित फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि अचानक हुई गोलीबारी से खेतों में काम कर रहे लोग जान बचाकर भागने लगे, जिससे आसपास के गांवों में भी दहशत का माहौल बन गया।
पुलिस की कार्रवाई जारी
सदर डीएसपी-2 संजीव कुमार ने बताया कि बलभद्रपुर गांव निवासी शशि रंजन सिंह और भानपुर गांव निवासी शिवपरसन सिंह के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि विवादित जमीन पर धान रोपनी के दौरान दहशत फैलाने के उद्देश्य से फायरिंग की गई। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। रोहतास से दिवाकर तिवारी की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article