NEWS PR डेस्क: भागलपुर में एक बार फिर कोरोना संक्रमण का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे एक बुजुर्ग मरीज की आरटी-पीसीआर जांच रिपोर्ट कोविड पॉजिटिव आने के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज अस्पताल) के आईसीयू में भर्ती कराया गया है।

मरीज का इलाज कोविड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि फिलहाल घबराने की जरूरत नहीं है, लेकिन सतर्कता बरतना बेहद जरूरी है।
सात दिनों से खांसी, जुकाम और बुखार से थे पीड़ित
जानकारी के अनुसार, बुजुर्ग मरीज पिछले करीब सात दिनों से लगातार खांसी, जुकाम और तेज बुखार से परेशान थे। शुरुआत में उनका इलाज शहर के एक निजी क्लिनिक में चल रहा था। स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने के बाद डॉक्टरों ने कोविड संक्रमण की आशंका को देखते हुए आरटी-पीसीआर जांच कराई।
निजी लैब से आई जांच रिपोर्ट में मरीज के कोविड पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई। इसके बाद उन्हें तुरंत मायागंज अस्पताल रेफर किया गया, जहां आईसीयू में भर्ती कर उनका इलाज शुरू कर दिया गया है।
सरकारी स्तर पर भी होगी कोविड जांच
मायागंज अस्पताल के मेडिसिन विभागाध्यक्ष डॉ. राजकमल चौधरी ने बताया कि मरीज की कोविड रिपोर्ट निजी लैब में पॉजिटिव आई है। संक्रमण की आधिकारिक पुष्टि के लिए सरकारी स्तर पर भी आरटी-पीसीआर जांच कराई जाएगी।
उन्होंने कहा कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। अस्पताल में इलाज की सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं और मरीज की निगरानी विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम कर रही है।
परिजनों ने बताई मरीज की हालत
मरीज के परिजनों के मुताबिक, पिछले एक सप्ताह से उन्हें खांसी, जुकाम और बुखार की शिकायत थी। पहले निजी अस्पताल में इलाज कराया गया, लेकिन कोविड संक्रमण की पुष्टि के बाद डॉक्टरों की सलाह पर उन्हें मायागंज अस्पताल लाया गया। फिलहाल डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की सतर्क रहने की अपील
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने लोगों से अपील की है कि मौसम में बदलाव के दौरान अगर किसी व्यक्ति को लगातार बुखार, खांसी, जुकाम या सांस लेने में परेशानी हो तो लापरवाही न बरतें। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें और जरूरत पड़ने पर कोविड जांच कराएं।
स्वास्थ्य विभाग ने भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सावधानी बरतने, हाथों की स्वच्छता बनाए रखने और संक्रमण के लक्षण होने पर मास्क का इस्तेमाल करने की सलाह दी है।
फिलहाल स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले की निगरानी कर रहा है। सरकारी जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने लोगों से अफवाहों से बचने और केवल आधिकारिक जानकारी पर भरोसा करने की अपील की है।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
