NEWS PR डेस्क:भागलपुर/सुल्तानगंज: श्रावणी मेले के दौरान सुल्तानगंज के नमामि गंगे घाट पर कांवड़ियों की सेवा के लिए जीविका दीदी द्वारा संचालित सेवा शिविर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यहां श्रद्धालुओं को कम कीमत पर शुद्ध और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

इसी सेवा शिविर का निरीक्षण करने बांका के सांसद गिरधारी यादव पहुंचे। उन्होंने जीविका दीदी भोजनालय का जायजा लिया और वहां भोजन कर रहे कांवड़ियों से बातचीत कर भोजन की गुणवत्ता और व्यवस्था की जानकारी ली।
सांसद बोले- सरकार जीविका दीदियों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध
निरीक्षण के दौरान सांसद गिरधारी यादव ने कहा कि राज्य सरकार जीविका दीदियों को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें आगे बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि कम कीमत पर कांवड़ियों को स्वच्छ, शुद्ध और स्वादिष्ट भोजन उपलब्ध कराना एक सराहनीय पहल है। उन्होंने कहा कि भविष्य में कांवड़ यात्रा मार्ग पर इस तरह के और सेवा शिविर लगाए जाने चाहिए, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
बिहार की सकारात्मक पहचान बनेगी’
सांसद ने कहा कि जीविका दीदियों की ओर से श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना न केवल सेवा का उदाहरण है, बल्कि इससे बिहार की सकारात्मक छवि भी देशभर में मजबूत होगी। निरीक्षण के दौरान कहलगांव के विधायक शोभानंद मुकेश, जिला परिषद अध्यक्ष विपिन मंडल सहित कई जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
