NEWS PR डेस्क: पश्चिम चंपारण के बगहा-2 प्रखंड स्थित नौरंगिया थाना क्षेत्र के भुलटोला सिरिसिया गांव में मगरमच्छ के हमले में एक किसान की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय केदार बैठा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह गुलहरिया सरेह स्थित खेत में सोहनी (निकौनी) का काम करने के बाद अपने साथियों के साथ घर लौट रहे थे।

नाला पार करते समय किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेलहवा-सिरिसिया कच्ची सड़क के समीप स्थित भापसा नाला पार करने के दौरान पानी में छिपे मगरमच्छ ने अचानक केदार बैठा पर हमला कर दिया। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, मगरमच्छ उन्हें गहरे पानी में खींच ले गया। साथ चल रहे कमल उरांव, नथुनी उरांव समेत अन्य ग्रामीणों ने शोर मचाकर उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद गांव में मचा हड़कंप
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर प्रशासन और वन विभाग की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की जा रही है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
केदार बैठा अपने पीछे पत्नी सीला देवी, दो पुत्र बृजेश और राजेश, तथा एक पुत्री सीमा को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
ग्रामीणों की मांग—मुआवजा और सुरक्षा व्यवस्था
घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से मृतक के आश्रितों को शीघ्र मुआवजा देने, हमलावर मगरमच्छ को पकड़ने और भापसा नाला क्षेत्र में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी जंगली जीवों की गतिविधियां देखी गई हैं, इसलिए भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट
