मुख्यमंत्री ने 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे को दिखाई हरी झंडी, सोमनाथ यात्रा के लिए विशेष ट्रेन हुई रवाना

Amit Singh
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: पटना, 20 जुलाई। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत पटना के पाटलिपुत्र जंक्शन से 1,150 श्रद्धालुओं के जत्थे को हरी झंडी दिखाकर सोमनाथ यात्रा के लिए रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि श्रद्धालु अपने साथ केवल यात्रा नहीं, बल्कि बिहार की आस्था, स्वाभिमान और सांस्कृतिक विरासत का संदेश भी पूरे देश में लेकर जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने विशेष ट्रेन को रवाना करने से पहले श्रद्धालुओं से मुलाकात की, ट्रेन में जाकर उनकी सुविधाओं की जानकारी ली और सभी के सुखद एवं मंगलमय यात्रा की कामना की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, डमरू वादन और शंखध्वनि के साथ हुआ।

श्रद्धालुओं को सौंपे गए ध्वज और कलश

मुख्यमंत्री ने बिहारवासियों की ओर से श्रद्धालु श्रीमती शोभा सिंह को कलश तथा श्री अजीत कुमार को ध्वज सौंपा। उन्होंने कहा कि यात्रा के साथ ले जाए जा रहे ध्वज और कलश बिहार की आस्था, स्वाभिमान, सांस्कृतिक गौरव और समृद्धि के प्रतीक हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से आग्रह किया कि यात्रा के दौरान वे बिहार की संस्कृति, आस्था और स्वाभिमान का संदेश पूरे देश में फैलाएं।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

“भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार विकास के नए शिखर पर पहुंचेगा”

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि भगवान सोमनाथ के आशीर्वाद से गुजरात और देश लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि भगवान सोमनाथ की कृपा से बिहार भी विकास, समृद्धि और सांस्कृतिक पुनर्जागरण के नए आयाम स्थापित करेगा।

उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि सोमनाथ दर्शन के साथ-साथ काशी विश्वनाथ के भी दर्शन करें तथा बिहार की सुख, शांति, समृद्धि और सर्वांगीण विकास के लिए आशीर्वाद प्राप्त करें।

सोमनाथ और नालंदा के इतिहास का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने कहा कि लगभग एक हजार वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर को लूटा गया था, जबकि नालंदा विश्वविद्यालय को भी आक्रांताओं ने नष्ट किया था। उन्होंने कहा कि करीब 75 वर्ष पूर्व सोमनाथ मंदिर का जीर्णोद्धार कराया गया, जिसमें बिहार के महान सपूत डॉ. राजेंद्र प्रसाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के प्रयासों से नालंदा विश्वविद्यालय की पुनर्स्थापना हुई। उनके अनुसार यह यात्रा केवल धार्मिक नहीं, बल्कि बिहार की सनातन परंपरा, सांस्कृतिक विरासत और आध्यात्मिक चेतना को पूरे देश तक पहुंचाने का माध्यम भी है।

‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ की थीम पर हुआ आयोजन

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार कार्यक्रम “सोमनाथ स्वाभिमान पर्व (अटूट आस्था की गौरव गाथा)” की थीम पर आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य श्रद्धा, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रीय गौरव की भावना को सुदृढ़ करना बताया गया।

इन नेताओं और अधिकारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर कला एवं संस्कृति विभाग के सचिव प्रणव कुमार ने मुख्यमंत्री का अंगवस्त्र और स्मृति-चिह्न भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम को उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार तथा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक संजय सरावगी ने भी संबोधित किया।

इसके अलावा सहकारिता मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, मुख्यमंत्री के सचिव लोकेश कुमार सिंह, कला एवं संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी तथा सोमनाथ यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article