सुपौल में दिनदहाड़े युवक को सीने में मारी गोली, हालत गंभीर; बदमाशों की तलाश में जुटी पुलिस

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह बेखौफ बदमाशों ने दिनदहाड़े एक युवक को गोली मार दी। गोली युवक के सीने में लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। घायल का इलाज सुपौल शहर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।


घर लौटने के दौरान बनाया निशाना
घायल युवक की पहचान सुपौल के गौरवगढ़ निवासी भूमि यादव के 22 वर्षीय पुत्र कुंदन कुमार यादव के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, कुंदन अपनी मौसी के घर झड़का आया हुआ था। मंगलवार सुबह वह घर लौट रहा था। इसी दौरान पिपरा रोड स्थित बाबू साहब पेट्रोल पंप से पूरब पुल के समीप पहले से घात लगाए बदमाशों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। एक गोली सीधे उसके सीने में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़ा।
पहले सीएचसी, फिर सदर अस्पताल और हायर सेंटर किया गया रेफर
गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल कुंदन को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), किशनपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी नाजुक स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल, सुपौल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में भी बेहतर इलाज की आवश्यकता बताते हुए उसे हायर सेंटर भेज दिया गया। इसके बाद परिजनों ने उसे सुपौल शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसका इलाज जारी है।
जांच में जुटी पुलिस, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे
घटना की सूचना मिलते ही पिपरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही, हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
क्या बोले थानाध्यक्ष?
पिपरा के प्रभारी थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि युवक को गोली लगने की सूचना मिलने के बाद पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं पर पुलिस काम कर रही है। हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है। फिलहाल घटना के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं। परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।सुपौल से अल्ताफ राजा की रिपोर्ट

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article