NEWS PR डेस्क:बिहार के भागलपुर में निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के दो कर्मचारियों को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। दोनों पर नया बिजली कनेक्शन चालू कराने के नाम पर चार हजार रुपये की रिश्वत लेने का आरोप है। कार्रवाई के बाद बिजली विभाग में हड़कंप मच गया।

यह कार्रवाई तिलकामांझी चौक स्थित कचहरी बिजली उपकेंद्र में की गई। गिरफ्तार किए गए कर्मचारियों में कनिष्ठ अभियंता (जेई) अमित कुमार और तकनीशियन सौरभ कुमार शामिल हैं।
जानकारी के अनुसार, बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर निवासी संतोष कुमार ने नया बिजली कनेक्शन लेने के लिए आवेदन किया था। सभी आवश्यक सरकारी प्रक्रियाएं पूरी करने के बावजूद उनका कनेक्शन चालू नहीं किया जा रहा था। आरोप है कि दोनों कर्मचारियों ने कनेक्शन सक्रिय करने के बदले चार हजार रुपये की रिश्वत की मांग की।
पीड़ित ने इसकी शिकायत निगरानी अन्वेषण ब्यूरो से की। शिकायत का सत्यापन करने के बाद विजिलेंस टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और रिश्वत की राशि लेते समय दोनों कर्मचारियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान रिश्वत के चार हजार रुपये भी बरामद किए गए।
फिलहाल दोनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस की टीम आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है। इस कार्रवाई के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल देखी जा रही है।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
