NEWS PR डेस्क: पटना, 21 जुलाई 2026: भारतीय राष्ट्रीय सहकारी संघ (NCUI) की शासी परिषद के चुनाव में पहली बार बिहार से चार सदस्यों के निर्वाचित होने पर मंगलवार को पटना में उनका भव्य स्वागत किया गया। इस ऐतिहासिक उपलब्धि को लेकर सहकारिता जगत में उत्साह का माहौल है।
नई दिल्ली से पटना पहुंचने पर बिस्कोमान बिहार-झारखंड के अध्यक्ष एवं भाजपा नेता विशाल सिंह और बिहार को-ऑपरेटिव फेडरेशन के अध्यक्ष विनय कुमार शाही का जयप्रकाश नारायण अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हजारों समर्थकों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। स्वागत के लिए बड़ी संख्या में सहकारिता से जुड़े लोग, विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि और शुभचिंतक एयरपोर्ट पहुंचे थे। खासकर आरा से आए समर्थकों की उल्लेखनीय भागीदारी देखने को मिली।
एयरपोर्ट परिसर “विशाल सिंह जिंदाबाद” और “आरा का सांसद कैसा हो, विशाल सिंह जैसा हो” जैसे नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा के साथ विजयी नेताओं का अभिनंदन किया।

इसके बाद बिहार को-ऑपरेटिव फेडरेशन परिसर में भी सहकारिता से जुड़े पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का सम्मान किया। इस दौरान बिस्कोमान, फेडरेशन और विभिन्न जिला सहकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
इस अवसर पर विशाल सिंह ने कहा कि यह बिहार के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि पहली बार बिहार से चार सदस्य NCUI की शासी परिषद में निर्वाचित हुए हैं, जिससे राज्य की सहकारिता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अब दिल्ली में भी बिहार के सहकारिता क्षेत्र की आवाज पहले से अधिक मजबूती से उठेगी।
