NEWS PR डेस्क: पटना, 21 जुलाई।बिहार विधान परिषद के मानसून सत्र में मंगलवार को पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा जोरदार ढंग से उठा। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के विधान पार्षद सुनील सिंह ने राज्य में ईंधन की कीमतों को लेकर सरकार पर सवालों की बौछार करते हुए कहा कि पड़ोसी राज्यों की तुलना में बिहार के लोगों को अधिक कीमत चुकानी पड़ रही है।
सदन में चर्चा के दौरान सुनील सिंह ने दावा किया कि बिहार में पेट्रोल करीब 11 रुपये प्रति लीटर और डीजल लगभग 5 रुपये प्रति लीटर तक महंगा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि इसका सीधा असर आम लोगों की जेब पर पड़ रहा है और हर महीने राज्य के नागरिकों पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है।

राजद एमएलसी ने आरोप लगाया कि महंगे ईंधन के कारण परिवहन लागत बढ़ रही है, जिसका असर रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई देता है। उन्होंने सरकार से पेट्रोल और डीजल की कीमतों में राहत देने के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की।
इस मुद्दे पर सदन में सुनील सिंह और उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र यादव के बीच तीखी बहस भी हुई। विपक्ष ने सवाल उठाया कि यदि पड़ोसी राज्यों में ईंधन अपेक्षाकृत सस्ता है, तो बिहार में इसकी कीमतें अधिक क्यों हैं। विपक्ष का कहना था कि कम आय वाले राज्य में महंगे ईंधन का सबसे अधिक असर आम और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ता है।
