Bihar Weather: 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, 25 जुलाई के बाद पटना समेत कई जिलों में होगी तेज बारिश

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:बिहार में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। कभी तेज धूप और उमस तो कभी अचानक बारिश लोगों को राहत और परेशानी दोनों दे रही है। इसी बीच मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के 10 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। वहीं, पटना समेत पांच शहरों में आज बारिश की संभावना जताई गई है।

आज कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के अनुसार, आज राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम सामान्य बना रहेगा। हालांकि, कुछ जिलों में बादल छाए रह सकते हैं और हल्की बारिश या बूंदाबांदी की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है, जिससे उमस बनी रहने के आसार हैं।
25 जुलाई के बाद बदलेगा मौसम
पूर्वानुमान के मुताबिक 25 जुलाई के बाद मानसून फिर सक्रिय हो सकता है। इस दौरान पटना, समस्तीपुर, वैशाली, भोजपुर, बक्सर, जहानाबाद और आसपास के जिलों में भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है।नेपाल में लगातार हो रही बारिश का असर बिहार की नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। कोसी और गंडक नदी का जलस्तर बढ़ गया है, जिससे नदी किनारे के इलाकों में सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
अगले 3–4 दिनों का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, अगले तीन से चार दिनों तक पूरे बिहार में व्यापक स्तर पर बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि, कुछ जिलों में स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। अधिकांश इलाकों में बादलों की आवाजाही और उमस भरी गर्मी बनी रहेगी।
22–23 जुलाई: इन क्षेत्रों में बारिश के आसार
उत्तर और पश्चिम बिहार: मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना।
दक्षिण और मध्य बिहार: गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान।
बता दें कि बारिश के चलते अधिकतम तापमान में हल्की गिरावट दर्ज हो सकती है, जिससे उमस से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं मंगलवार को खगड़िया में तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि पटना में हल्की बूंदाबांदी हुई। नालंदा, वैशाली समेत कई जिलों में दिनभर बादल छाए रहे। वहीं, सीतामढ़ी और कटिहार में सुबह बारिश हुई। राजधानी पटना सहित राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिनभर बादलों का डेरा रहा। पटना का अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्यों बदल रहा है मौसम?
इन दिनों बिहार में मौसम का तेजी से बदलना मानसूनी गतिविधियों के कमजोर और मजबूत होने का परिणाम है। जब नमी वाली हवाओं का प्रभाव बढ़ता है तो बादल बनते हैं और बारिश होती है। बारिश रुकने के बाद धूप निकलते ही हवा में मौजूद नमी के कारण उमस बढ़ जाती है। यही वजह है कि लोगों को एक ही दिन में धूप, बादल, बारिश और उमस—चारों तरह का मौसम देखने को मिल रहा है।

Share This Article