पटना में छात्र आंदोलन के दौरान भाजपा विधायक के वाहन पर हमला, कार्रवाई की मांग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : राजधानी पटना के डाकबंगला चौराहे पर छात्र आंदोलन के दौरान पिपरा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक श्यामबाबू प्रसाद यादव के वाहन पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। विधायक का आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उग्र भीड़ ने उनकी गाड़ी को घेर लिया, उसमें तोड़फोड़ की और वाहन में रखा सामान भी लेकर चली गई। इस घटना में विधायक सुरक्षित बच गए, जबकि उनके एक सहयोगी के साथ मारपीट किए जाने का भी आरोप लगाया गया है।

श्यामबाबू प्रसाद यादव ने बताया कि जब उनका वाहन डाकबंगला चौराहे से गुजर रहा था, तभी बड़ी संख्या में मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया। उनके अनुसार, मौके पर मौजूद स्थानीय दुकानदारों की मदद से वह सुरक्षित निकल सके। विधायक ने कहा कि यदि समय पर मदद नहीं मिलती तो कोई गंभीर घटना हो सकती थी।
घटना के बाद विधायक ने विधानसभा में भी यह मुद्दा उठाया। उन्होंने दावा किया कि प्रदर्शन में शामिल हिंसक भीड़ वास्तविक छात्र नहीं थी, बल्कि आंदोलन की आड़ में असामाजिक तत्व शामिल हो गए थे। उनके अनुसार, इन्हीं लोगों ने हिंसा और तोड़फोड़ की घटनाओं को अंजाम दिया।
भाजपा विधायक ने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध और अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन हिंसा, तोड़फोड़ और कानून हाथ में लेना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि घटना के दौरान उपलब्ध सीसीटीवी और वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में विभिन्न वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाओं की पड़ताल की जा रही है।मोतिहारी से संतोष राउत की रिपोर्ट

Share This Article