NEWS PR डेस्क :बिहार में एक बार फिर बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बिहार सरकार ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) के कई वरिष्ठ अधिकारियों के विभागों और अतिरिक्त प्रभार में बदलाव किया है। इस प्रशासनिक फेरबदल में 1991 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सीके अनिल को शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से 29 अक्टूबर 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की गई है।
सीके अनिल को शिक्षा विभाग की कमान
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, बिहार राज्य योजना परिषद, पटना के परामर्शदाता के पद पर कार्यरत 1991 बैच के आईएएस अधिकारी सीके अनिल का तबादला कर दिया गया है। उन्हें अगले आदेश तक शिक्षा विभाग का अपर मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। इस नियुक्ति को राज्य के प्रशासनिक महकमे में एक अहम बदलाव माना जा रहा है।
अरविन्द कुमार चौधरी को कृषि विभाग का अतिरिक्त प्रभार
वहीं, 1995 बैच के आईएएस अधिकारी अरविन्द कुमार चौधरी को भी नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। वर्तमान में वह मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के अपर मुख्य सचिव के पद पर कार्यरत हैं। इसके अलावा उनके पास बिहार राज्य संयुक्त प्रवेश परीक्षा पर्षद के परीक्षा नियंत्रक और बिपार्ड के महानिदेशक का अतिरिक्त प्रभार भी है।सरकार ने अब उन्हें कृषि विभाग के कृषि उत्पादन आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार भी सौंप दिया है।
पंकज कुमार को अतिरिक्त प्रभार से किया गया मुक्त
प्रशासनिक फेरबदल के तहत गृह विभाग के प्रधान सचिव और 1997 बैच के आईएएस अधिकारी पंकज कुमार को जांच आयुक्त, सामान्य प्रशासन विभाग के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह अब इस अतिरिक्त जिम्मेदारी का निर्वहन नहीं करेंगे।
अमित कुमार पाण्डेय को भी मिली नई जिम्मेदारी
इसके साथ ही राजस्व एवं भूमि सुधार विभाग में अपर सचिव के पद पर कार्यरत 2014 बैच के आईएएस अधिकारी अमित कुमार पाण्डेय को अगले आदेश तक कृषि विभाग के अपर सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के बाद राज्य के प्रशासनिक महकमे में नई जिम्मेदारियों के साथ अधिकारियों की तैनाती प्रभावी हो गई है। सरकार के इस फैसले से शिक्षा, कृषि और सामान्य प्रशासन विभाग से जुड़े कामकाज में नई प्रशासनिक व्यवस्था लागू होगी।