NEWS PR डेस्क,: नीट पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में जारी विरोध-प्रदर्शनों के बीच भागलपुर में कांग्रेस के पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने के बजाय उनके खिलाफ बल प्रयोग किया जा रहा है।

अजीत शर्मा ने कहा कि कथित परीक्षा अनियमितताओं को लेकर देशभर के छात्र-छात्राएं आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय उन पर लाठीचार्ज किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब छात्रों के समर्थन में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सड़क पर उतरे तो उन्हें भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
पूर्व विधायक ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखना और शांतिपूर्ण तरीके से विरोध दर्ज कराना हर नागरिक का अधिकार है। उन्होंने कहा कि सरकार को छात्रों की मांगों को सुनना चाहिए और मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
अजीत शर्मा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक जैसे गंभीर मामले के बावजूद शिक्षा मंत्री से जवाबदेही तय नहीं की जा रही है और उनका इस्तीफा भी नहीं लिया गया। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जा सकता। कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनकी पार्टी छात्रों की मांगों और उनके अधिकारों के समर्थन में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
