NEWS PR डेस्क :बिहार बंद को लेकर भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद कर दी गई है। रेल एसपी उमेश्वर चौधरी के नेतृत्व में जीआरपी और आरपीएफ के जवानों ने रेलवे स्टेशन परिसर में फ्लैग मार्च किया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रवेश और निकास द्वार सहित स्टेशन परिसर के आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान यात्रियों के सामान की तलाशी ली गई और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखी गई। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रेलवे स्टेशन पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गई है।
रेल एसपी उमेश्वर चौधरी ने कहा कि बिहार बंद के दौरान सभी लोग शांतिपूर्ण तरीके से अपना प्रदर्शन करें। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि किसी ने रेलवे की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने या कानून-व्यवस्था भंग करने की कोशिश की, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से भी सतर्क रहने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति या वस्तु पर संदेह हो, तो उसकी सूचना तुरंत जीआरपी, आरपीएफ या रेलवे अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। फिलहाल भागलपुर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट हैं और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगातार निगरानी रखी जा रही है। भागलपुर से श्यामानंद सिंह की रिपोर्ट
