बेतिया में शिक्षा विभाग की नई पहल, डीईओ कार्यालय में हर सोमवार और शुक्रवार लगेगा जनता दरबार

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क :पश्चिम चंपारण के शिक्षकों, अभिभावकों और आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिला शिक्षा पदाधिकारी (डीईओ) कार्यालय, बेतिया में जनता दरबार की शुरुआत की गई है। इस पहल का उद्देश्य शिक्षा विभाग से जुड़ी शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है।

जिला शिक्षा पदाधिकारी राजन कुमार ने बताया कि अब प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को शाम 4 बजे से 5 बजे तक डीईओ कार्यालय में जनता दरबार आयोजित किया जाएगा। इस दौरान शिक्षा विभाग से संबंधित सभी शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जाएगी, ताकि शिक्षकों, विद्यालयों और आम लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।
डीईओ ने बताया कि विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास, प्रशासनिक कार्यों के निष्पादन और अन्य शैक्षणिक मुद्दों के समाधान के लिए विभाग लगातार प्रयासरत है। साथ ही ई-शिक्षा पोर्टल पर दर्ज शिकायतों की नियमित समीक्षा कर उनका भी शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा। शिक्षा विभाग का मानना है कि जनता दरबार की इस व्यवस्था से शिकायत निवारण प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और आम लोगों को समय पर राहत मिल सकेगी।पश्चिम चंपारण से मोहम्मद इम्तियाज की रिपोर्ट

Share This Article