NEWS PR डेस्क: पटना, 29 जुलाई। बिहार में लंबे समय से बंद पड़ी सकरी और रैयाम चीनी मिलों के दोबारा शुरू होने की दिशा में बड़ा कदम उठने जा रहा है। इन दोनों मिलों के पुनर्स्थापना कार्य का शिलान्यास 20 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। इसके साथ ही राज्य सरकार ने प्रदेश में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने की योजना को भी तेज़ी से आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है।
सूचना भवन में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान ने कहा कि सरकार राज्य के चीनी उद्योग को फिर से मजबूत बनाने के लिए गंभीरता से काम कर रही है। उनका कहना था कि नई मिलों के निर्माण और पुरानी इकाइयों के पुनर्जीवन से गन्ना किसानों को अपनी फसल का बेहतर मूल्य मिलेगा, साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।
विभागीय सचिव धर्मेंद्र सिंह ने बताया कि सकरी और रैयाम चीनी मिलों का शिलान्यास होने के बाद अगले एक से दो वर्षों के भीतर उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए सरकार समानांतर रूप से गन्ने की खेती का दायरा बढ़ाने पर भी ध्यान दे रही है, ताकि मिलों को पर्याप्त मात्रा में कच्चा माल उपलब्ध हो सके।

उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री के ‘सात निश्चय-3’ कार्यक्रम के अंतर्गत ‘समृद्ध उद्योग, सशक्त बिहार’ अभियान के तहत 25 नई चीनी मिलों की स्थापना और वर्षों से बंद पड़ी पुरानी मिलों को फिर से चालू करने की योजना बनाई गई है।
सरकार का मानना है कि इन योजनाओं के सफल क्रियान्वयन से बिहार का चीनी उद्योग नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ेगा, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी और राज्य के औद्योगिक विकास को भी नई गति मिलेगी।
