NEWS PR डेस्क : बिहार की सबसे चर्चित बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के बीच शुरुआती रुझान जनसुराज के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। दूसरे राउंड की गिनती पूरी होने के बाद जनसुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने अपनी बढ़त और मजबूत कर ली है। वे भाजपा उम्मीदवार नीरज सिन्हा से 1,161 वोटों से आगे चल रहे हैं।
दूसरे राउंड तक भाजपा प्रत्याशी नीरज सिन्हा को 2,634 वोट मिले हैं और वे दूसरे स्थान पर बने हुए हैं। वहीं, राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की उम्मीदवार रेखा गुप्ता को अब तक 664 वोट मिले हैं और वह तीसरे स्थान पर हैं।।

यह सीट पहले भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के पास थी। ऐसे में शुरुआती रुझानों में भाजपा का पिछड़ना राज्य की राजनीति में चर्चा का विषय बना हुआ है।
पटना के एएन कॉलेज में बनाए गए मतगणना केंद्र पर सुबह 8 बजे से काउंटिंग जारी है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की गई, जिसके बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) के मतों की गणना शुरू हुई। मतगणना के लिए कुल 14 टेबल लगाए गए हैं और 21 राउंड में पूरी प्रक्रिया संपन्न होगी।
बांकीपुर उपचुनाव में जनसुराज के प्रशांत किशोर, भाजपा के नीरज सिन्हा, राजद की रेखा गुप्ता सहित कुल 25 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। अब सभी की नजरें अगले राउंड की मतगणना पर टिकी हैं, जिससे यह साफ होगा कि शुरुआती बढ़त अंत तक कायम रहती है या मुकाबले में नया मोड़ आता है।
