ईओ विमल कुमार हत्याकांड: पप्पू यादव ने उठाए सवाल, बोले- यह सुनियोजित हत्या है

Rashmi Tiwari
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →

NEWS PR डेस्क: ‘पटना: डेहरी-डालमियानगर नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी (ईओ) विमल कुमार की हत्या का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। मंगलवार सुबह सांसद पप्पू यादव दानापुर के गोला रोड टी-प्वाइंट स्थित गंगा कुटीर अपार्टमेंट पहुंचे, जहां उन्होंने मृतक ईओ के परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना जताई।

मृतक की पत्नी से मुलाकात के बाद पप्पू यादव ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिया। उन्होंने इस पूरे मामले की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) से कराने की मांग की। साथ ही मृतक के आश्रितों को 2 करोड़ रुपये का मुआवजा और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी देने की मांग भी सरकार के सामने रखी।
ड्राइवर की गिरफ्तारी पर उठाए सवाल
पप्पू यादव ने हत्याकांड में गिरफ्तार ड्राइवर को लेकर भी कई सवाल खड़े किए। उन्होंने मांग की कि आरोपी ड्राइवर का नारकोटिक टेस्ट कराया जाए और घटना के समय घटनास्थल पर सक्रिय मोबाइल नंबरों की जांच की जाए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।
सांसद ने प्रशासन के उस दावे पर सवाल उठाया, जिसमें ड्राइवर को हत्यारा बताया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इतनी बेरहमी से की गई हत्या को केवल एक व्यक्ति द्वारा अंजाम दिया जाना संदिग्ध लगता है। उनके अनुसार यह एक सुनियोजित हत्या का मामला हो सकता है, जिसकी गहराई से जांच जरूरी है।
‘बिहार में नहीं रहना चाहते परिजन’: पप्पू यादव
पप्पू यादव ने बताया कि मृतक के परिवार का कहना है कि वे अब बिहार में नहीं रहना चाहते। उन्होंने बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में आम लोगों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने यह भी सवाल उठाया कि जब स्थानीय विधायक ने ईओ विमल कुमार से जुड़े मामले को लेकर आवाज उठाई थी, तब सरकार की ओर से समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
मामला सदन में उठाने का दिया भरोसा
सांसद पप्पू यादव ने कहा कि मृतक की पत्नी का मानना है कि इस हत्या के पीछे सिर्फ एक व्यक्ति नहीं हो सकता। उन्होंने आश्वासन दिया कि वह इस मामले को संसद में उठाएंगे और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।

- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
- Advertisements -
Your Brand Here
Limited time offer
Advertise Now →
Share This Article