NEWS PR डेस्क: वैशाली जिले के हाजीपुर में गुरुवार सुबह एक कंस्ट्रक्शन ठेकेदार की हत्या से सनसनी फैल गई। सदर थाना क्षेत्र के दिग्घी नया टोला में अज्ञात बदमाशों ने ठेकेदार राम नरेश राय को बेहद करीब से गोली मार दी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने उन पर कई राउंड फायरिंग की, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार, राम नरेश राय रोज की तरह सुबह टहलने के लिए घर से निकले थे। आमतौर पर उनके साथ अन्य लोग भी मॉर्निंग वॉक पर रहते थे, लेकिन घटना वाले दिन वह अकेले थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने उन्हें निशाना बनाया और ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। फायरिंग की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई, जबकि हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है..
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू की। बाद में परिजन शव को सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन पोस्टमार्टम कराए बिना ही उसे वापस घर ले गए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
बताया जाता है कि राम नरेश राय अपने माता-पिता के साथ हाजीपुर में रहते थे, जबकि उनकी पत्नी पटना में रहकर इकलौते बेटे की पढ़ाई की देखभाल कर रही हैं। अचानक हुई इस घटना से परिवार गहरे सदमे में है।
वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह …
पुलिस फिलहाल हत्या के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे पुरानी रंजिश, आपसी विवाद या कोई अन्य वजह थी। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों को भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि अपराधियों की पहचान कर जल्द मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।