NEWS PR डेस्क : पटना के मनेर में मंगलवार सुबह भीषण सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। श्रीनगर के पास एनएच-30 पर बालू लदे ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार चार युवक हादसे का शिकार हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही मनेर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
हादसे के बाद सड़क पर उतरे लोग
दुर्घटना के बाद मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने शवों को सड़क पर रखकर दानापुर-मनेर मार्ग जाम कर दिया। जाम के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। आक्रोशित लोग फरार ट्रक चालक की गिरफ्तारी और मृतकों के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
हादसे के बाद बालू लदा ट्रक छोड़कर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि ट्रक और उसके चालक की पहचान की जा सके। पुलिस लोगों को समझाकर सड़क जाम हटाने की कोशिश में जुटी है।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा की रिपोर्ट