NEWS PR डेस्क : पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव आज पूरे परिवार के साथ दिल्ली के लिए रवाना हुए। रक्षाबंधन के मौके पर उनके साथ पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, राज्यसभा सांसद मीसा भारती और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव भी दिल्ली गए हैं। पटना से रवाना होने से पहले तेजस्वी यादव ने नेपाल में आई भीषण बाढ़ और जल प्रलय को लेकर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नेपाल की स्थिति को देखते हुए बिहार में भी सतर्क रहने की जरूरत है।

नेपाल की स्थिति पर तेजस्वी ने जताई चिंता
तेजस्वी यादव ने नेपाल में आई बाढ़ का जिक्र करते हुए इसे बेहद गंभीर घटना बताया। उन्होंने कहा कि नेपाल में हुई तबाही के वीडियो देखकर दहशत की स्थिति पैदा हो गई है। उन्होंने कहा कि बिहार की कई प्रमुख नदियों का संबंध नेपाल से है। ऐसे में नेपाल में भारी बारिश या जल प्रलय होने पर उसका असर बिहार के सीमावर्ती और नदी तटीय इलाकों में भी पड़ सकता है। तेजस्वी ने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में बिहार को पहले से सतर्क रहने और संभावित खतरे से निपटने के लिए तैयार रहने की जरूरत है।
जातीय जनगणना पर भी केंद्र को घेरा
पटना से दिल्ली रवाना होने के दौरान तेजस्वी यादव ने जातीय जनगणना के मुद्दे पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। केंद्र सरकार द्वारा देश में जातीय जनगणना कराए जाने के फैसले पर कांग्रेस की ओर से उठाए गए सवालों के बीच उन्होंने कहा कि जातीय जनगणना उनकी पार्टी की लंबे समय से प्रमुख मांग रही है। उन्होंने कहा कि बिहार में उनकी सरकार के कार्यकाल के दौरान जातीय सर्वेक्षण कराया गया था। इसके आंकड़ों के आधार पर राज्य में आरक्षण का दायरा बढ़ाने का फैसला लिया गया।
आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र पर निशाना
तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में बढ़ाए गए आरक्षण को संविधान की नौवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग के बावजूद केंद्र की भाजपा सरकार ने इस दिशा में आवश्यक कदम नहीं उठाया। उन्होंने कहा कि RJD लगातार इस मांग को उठाती रही है और पार्टी की प्राथमिकताओं में जातीय जनगणना तथा सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दे महत्वपूर्ण रहे हैं।