NEWS PR डेस्क: पटना: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत जी ने आज ‘जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान की शुरुआत के बाद मीडिया से बातचीत की। उन्होंने कहा कि इस अभियान के तहत राज्यभर में गैर-संचारी रोगों (NCD) की बड़े स्तर पर स्क्रीनिंग शुरू की गई है। अभियान का मुख्य उद्देश्य लोगों में गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान करना और जरूरत के अनुसार उन्हें उपचार उपलब्ध कराना है।
30 वर्ष से अधिक उम्र के करीब 6 करोड़ लोगों की होगी स्क्रीनिंग
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान के तहत 30 वर्ष से अधिक आयु के करीब 6 करोड़ लोगों की स्क्रीनिंग करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए पूरे बिहार में 14,500 स्वास्थ्य केंद्रों पर जांच की व्यवस्था की गई है। इन केंद्रों पर लोगों की नियमित जांच के साथ गैर-संचारी रोगों की पहचान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
मधुमेह, हाइपरटेंशन और कैंसर समेत कई बीमारियों की जांच
अभियान के दौरान मधुमेह, हाइपरटेंशन, कैंसर सहित प्रमुख गैर-संचारी रोगों की जांच की जाएगी। स्वास्थ्य विभाग का प्रयास है कि इन बीमारियों की पहचान शुरुआती चरण में ही हो जाए, ताकि मरीज को समय पर इलाज मिल सके और बीमारी गंभीर रूप न ले।
जांच के दौरान किसी व्यक्ति में बीमारी की पुष्टि होने पर उसे आगे के उपचार के लिए आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इनमें उपचार, चिकित्सकीय परामर्श, टेलीमेडिसिन और जरूरत पड़ने पर रेफरल की सुविधा शामिल है। स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि अभियान को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए स्वास्थ्य केंद्रों पर नए चिकित्सा उपकरण भी उपलब्ध कराए गए हैं।

जिला अस्पतालों में 70 तरह के ऑपरेशन कराने का लक्ष्य
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य में जिला स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसका असर रेफरल व्यवस्था पर भी देखने को मिला है और अनावश्यक रेफरल में कमी आई है।
उन्होंने बताया कि सरकार ने जिला अस्पतालों में 70 प्रकार के ऑपरेशन उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा है। फिलहाल करीब 40 प्रकार के ऑपरेशन जिला अस्पतालों में किए जाने की सुविधा उपलब्ध हो चुकी है। आगे इसे बढ़ाकर 70 प्रकार के ऑपरेशन तक ले जाने का लक्ष्य है, ताकि मरीजों को इलाज के लिए बार-बार बड़े अस्पतालों या दूसरे जिलों का रुख न करना पड़े।
मुख्यमंत्री और केंद्र सरकार के सहयोग के लिए जताया आभार
स्वास्थ्य मंत्री श्री निशांत जी ने ‘जांच एवं उपचार – चिकित्सा आपके द्वार’ अभियान को आगे बढ़ाने में सहयोग के लिए माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी जी और केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता राज्य के लोगों को बेहतर और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना है।
बीमारी को छिपाएं नहीं, समय पर जांच कराएं
स्वास्थ्य मंत्री ने आम लोगों से अपील की कि किसी भी बीमारी के लक्षण को नजरअंदाज न करें और बीमारी को छिपाने के बजाय समय पर स्वास्थ्यकर्मियों से संपर्क करें। उन्होंने लोगों से अभियान का लाभ उठाने और अपनी नियमित स्वास्थ्य जांच कराने की अपील की।
उन्होंने कहा कि समय पर बीमारी की पहचान होने से उसका उपचार आसान हो सकता है। इसलिए लोगों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर लापरवाही नहीं बरतनी चाहिए और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकों की सलाह लेनी चाहिए।
तंबाकू, गुटखा, शराब और ड्रग्स से दूर रहने की अपील
स्वास्थ्य मंत्री ने युवाओं के साथ-साथ आम लोगों से तंबाकू, गुटखा, शराब और ड्रग्स से दूर रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि नशे से बचना स्वस्थ जीवन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देते हुए कहा कि स्वस्थ बिहार ही सरकार की प्राथमिकता है।