NEWS PR डेस्क: गया: जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में 27 लाख रुपये की रंगदारी के लिए एक युवक के अपहरण का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले का तेजी से खुलासा करते हुए अपहृत युवक को कुछ ही घंटों में सकुशल बरामद कर लिया। नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी।
सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था युवक
पुलिस के अनुसार, 7 सितंबर 2026 को शोभा देवी ने रामपुर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका बेटा सिकरिया मोड़ जाने की बात कहकर घर से निकला था। कुछ समय तक उसकी परिजनों से फोन पर बातचीत भी हुई, लेकिन इसके बाद उसका मोबाइल फोन स्विच ऑफ हो गया। बाद में परिवार के पास फोन और मैसेज के जरिए 27 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए रामपुर थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया। पुलिस ने तकनीकी सहयोग और उपलब्ध सुरागों के आधार पर तेजी से कार्रवाई शुरू की। करीब 8 से 12 घंटे के भीतर पुलिस टीम ने युवक को सकुशल बरामद कर लिया।

Instagram के जरिए बनाया गया कथित प्लान
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि युवक को कथित तौर पर Instagram के माध्यम से निशाना बनाया गया था। एक महिला ने उससे बातचीत शुरू की और प्रेम संबंध का भरोसा दिलाकर उसे मिलने के लिए सिकरिया मोड़ बुलाया। युवक के वहां पहुंचने के बाद उसका अपहरण कर लिया गया और उसका मोबाइल बंद कर दिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि घटना के पीछे पैसे से जुड़ा विवाद हो सकता है। बताया गया कि युवक के पिता से नौकरी दिलाने के नाम पर कुछ रकम ली गई थी। इसी कथित बकाया रकम की वसूली के उद्देश्य से अपहरण की साजिश रची गई और बाद में परिवार से 27 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई।
दो पुरुष और एक महिला गिरफ्तार
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अपहरण की साजिश में शामिल दो पुरुष और एक महिला समेत आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और पुलिस घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
नगर पुलिस उपाधीक्षक-2 धर्मेंद्र भारती ने बताया कि एसएसपी के स्पष्ट निर्देश पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और कुछ ही घंटों में युवक को सुरक्षित बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
गया से रिपोर्टर: आशीष कुमार