NEWS PR डेस्क: भागलपुर: खरीक थाना क्षेत्र के तेलघी गांव में जमीन विवाद को लेकर हुए हिंसक हमले में 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान अति नंदन चौधरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि उनका अपने गोतिया पक्ष के लोगों से जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। मंगलवार को इसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया और लाठी-डंडों से किए गए हमले में अति नंदन चौधरी गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान मायागंज अस्पताल में उनकी मौत हो गई।
मवेशी के बासा पर पहुंचे कई लोग, अचानक शुरू कर दी पिटाई
जानकारी के अनुसार, मंगलवार को अति नंदन चौधरी अपने मवेशी के बासा पर मौजूद थे। इसी दौरान उनके गोतिया पक्ष के करीब सात से आठ लोग वहां पहुंचे। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद सभी ने लाठी-डंडों से उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में अति नंदन चौधरी को गंभीर चोटें आईं और वह बुरी तरह घायल हो गए।

गंभीर हालत में रेफरल अस्पताल से मायागंज रेफर
हमले की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायल अति नंदन चौधरी को आनन-फानन में रेफरल अस्पताल ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें मायागंज अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान मौत, परिजनों में मचा कोहराम
मायागंज अस्पताल में उपचार के दौरान अति नंदन चौधरी की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में भी तनाव का माहौल बताया जा रहा है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जमीन विवाद को लेकर हुए इस हमले के पीछे की वजह और घटना में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है। पुलिस पूरे मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुटी है।
भागलपुर से रिपोर्टर: श्यामानंद सिंह