पटना में प्रेम प्रसंग में खूनी खेल! चाचा ने भतीजे को मारी 6 गोलियां, हत्या के बाद फरार

Rashmi Tiwari

बिहार की राजधानी पटना के फुलवारी शरीफ इलाके से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां प्रेम प्रसंग को लेकर हुए विवाद में एक चाचा पर अपने ही भतीजे की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान दीपक कुमार के रूप में हुई है, जबकि आरोपी चाचा ललन शर्मा वारदात के बाद से फरार बताया जा रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। फुलवारी शरीफ एसडीपीओ-1 एएसपी नारायण उपाध्याय भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल में जुटे हैं।
पत्नी के साथ कथित संबंध को लेकर चल रहा था विवाद
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दीपक कुमार की पत्नी के साथ उसके चाचा ललन शर्मा के कथित प्रेम संबंध को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि दीपक को जब इस संबंध की जानकारी मिली, तो उसने इसका विरोध किया। इसके बाद परिवार में तनाव बढ़ता चला गया।
बताया जा रहा है कि सोमवार की रात भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मंगलवार की सुबह एक बार फिर विवाद बढ़ गया। इसी दौरान आरोप है कि ललन शर्मा ने हथियार निकालकर दीपक पर गोली चला दी।

पहले मिस फायर, फिर छह गोलियां मारने का आरोप

घटनाक्रम के संबंध में मिली जानकारी के मुताबिक, आरोपी ने पहले गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली मिस फायर हो गई। इसके बाद वह दूसरे दरवाजे से आया और कथित तौर पर एक के बाद एक छह गोलियां दीपक के सीने में दाग दीं। गोली लगने से दीपक की घर के दरवाजे पर ही मौत हो गई।फुलवारी शरीफ एसडीपीओ-1 एएसपी नारायण उपाध्याय ने बताया कि घटनास्थल से छह खोखे बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

मृतक के पिता ने अपने ही भाई पर लगाया हत्या का आरोप

मृतक दीपक कुमार के पिता विंध्याचल शर्मा ने अपने भाई ललन शर्मा पर बेटे की हत्या करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ललन शर्मा का उनकी बहू के साथ कथित अवैध संबंध था और इसी विवाद के कारण उनके बेटे की हत्या की गई।विंध्याचल शर्मा ने यह भी आरोप लगाया कि ललन शर्मा ने अपनी कथित प्रेमिका के मायके में उसके लिए घर तक बनवा दिया था। पिता के मुताबिक, इसी संबंध को लेकर परिवार में विवाद चल रहा था, जिसने बाद में गंभीर रूप ले लिया।

बताया जा रहा है कि दीपक कुमार पहले एक हत्या के मामले में करीब चार साल तक जेल में रह चुका था। आरोप है कि इसी दौरान ललन शर्मा और दीपक की पत्नी के बीच कथित प्रेम संबंध शुरू हुए। जेल से बाहर आने के बाद दीपक को इसकी जानकारी हुई, जिसके बाद परिवार में विवाद बढ़ने लगा।हालांकि, घटना के पीछे की वास्तविक वजह और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घटना के बाद से आरोपी ललन शर्मा फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस परिजनों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।फिलहाल, फुलवारी शरीफ में हुई इस हत्या के बाद इलाके में सनसनी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही मामले से जुड़ी पूरी सच्चाई सामने आ सकेगी।पटना से पशुपतिनाथ शर्मा रिपोर्ट

Share This Article