NEWS PR डेस्क:IRCTC से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में लालू परिवार की कानूनी मुश्किलें बढ़ गई हैं। दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने मामले में पूर्व रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव, राबड़ी देवी, तेजस्वी यादव समेत कुल 9 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए हैं। अब इन सभी के खिलाफ मामले की न्यायिक कार्यवाही आगे बढ़ेगी।

गुरुवार को कोर्ट में इस मामले पर सुनवाई हुई। सुनवाई के बाद अदालत ने आरोप तय करने का फैसला सुनाया। इससे पहले 29 अगस्त को हुई सुनवाई के दौरान आरोप तय करने का निर्णय टाल दिया गया था। अब अदालत के फैसले के बाद सभी 9 आरोपियों के खिलाफ मुकदमे की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। अब इस मामले में 3 अक्टूबर को अगली सुनवाई होगी।
ED ने दाखिल की थी चार्जशीट
इस मामले की जांच प्रवर्तन निदेशालय यानी ED कर रहा है। जांच एजेंसी ने लालू प्रसाद यादव के परिवार और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की थी। चार्जशीट में लालू यादव, उनकी पत्नी राबड़ी देवी और बेटे तेजस्वी यादव सहित कई लोगों को आरोपी बनाया गया है। मामला रेलवे से जुड़े कथित भ्रष्टाचार और उससे संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग के आरोपों से जुड़ा है। अब कोर्ट की ओर से आरोप तय किए जाने के बाद मामले में आगे की सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया चलेगी।
यह मामला लालू प्रसाद यादव के रेल मंत्री के कार्यकाल से संबंधित है। जांच एजेंसियों का आरोप है कि उस दौरान IRCTC के अधीन रांची और पुरी में संचालित दो होटलों के ठेके देने की प्रक्रिया में नियमों का पालन नहीं किया गया।
जांच के मुताबिक, होटल और उनसे संबंधित जमीन को कुछ निजी कंपनियों को लीज पर देने में निर्धारित प्रक्रियाओं की अनदेखी हुई। एजेंसियों ने इस पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए दावा किया है कि नियमों में कथित तौर पर की गई अनियमितताओं का फायदा कुछ निजी कंपनियों को मिला।