राम विलास पासवान के नाम पर हो मरीन ड्राइव का गोलंबर, मुख्यमंत्री से LJP (रामविलास) ने की मांग

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क:लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के नेताओं ने पटना के जेपी गंगा पथ स्थित मरीन ड्राइव के एक प्रमुख गोलंबर को पार्टी के संस्थापक और दिवंगत नेता राम विलास पासवान के नाम पर करने की मांग राज्य सरकार के सामने रखी है। पार्टी नेताओं ने गोलंबर पर राम विलास पासवान की आदमकद प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के समक्ष रखा।

इस सिलसिले में बिहार प्रभारी और जमुई सांसद अरुण भारती, प्रदेश अध्यक्ष सुरेन्द्र विवेक तथा राष्ट्रीय महासचिव सह राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी धीरेन्द्र कुमार मुन्ना ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने सरकार से मांग पर गंभीरता से विचार करने का अनुरोध किया।

पांच दशक के सार्वजनिक जीवन को सम्मान देने की पहल
पार्टी नेताओं ने कहा कि राम विलास पासवान ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में समाज के कमजोर और वंचित तबकों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। दलितों, पिछड़ों, गरीबों और अन्य वंचित वर्गों के अधिकार एवं सम्मान के लिए उनके योगदान को रेखांकित करते हुए नेताओं ने कहा कि उनके नाम पर राजधानी में एक प्रमुख स्थल का नामकरण उनके सार्वजनिक जीवन को सम्मान देने का उचित माध्यम होगा।
आधुनिक पटना के प्रमुख स्थल पर हो प्रतिमा
LJP नेताओं के मुताबिक जेपी गंगा पथ आज पटना की बदलती तस्वीर और शहर के विकास का प्रमुख प्रतीक बन चुका है। ऐसे महत्वपूर्ण स्थान पर राम विलास पासवान के नाम से गोलंबर और उनकी प्रतिमा स्थापित होने से नई पीढ़ी भी उनके सामाजिक एवं राजनीतिक योगदान से परिचित हो सकेगी।पार्टी का कहना है कि यह कदम केवल किसी राजनीतिक व्यक्तित्व के सम्मान तक सीमित नहीं होगा, बल्कि सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के लिए उनके संघर्ष की स्मृति को भी सार्वजनिक स्थान पर जीवंत रखेगा।
मुख्यमंत्री ने सुनी मांग
प्रतिनिधिमंडल के अनुसार मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने प्रस्ताव को गंभीरता से सुना और इस विषय पर संवेदनशीलता के साथ चर्चा की। पार्टी नेताओं ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार राम विलास पासवान के योगदान तथा लोगों की भावनाओं को ध्यान में रखते हुए इस प्रस्ताव पर सकारात्मक फैसला लेगी। पार्टी की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, इस मुलाकात और मांग से जुड़ी जानकारी बिहार प्रदेश मीडिया प्रभारी निशांत मिश्रा ने साझा की है।

Share This Article