महावीरी झंडा शोभायात्रा में भगवामय हुआ फारबिसगंज, जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा शहर ,

Muskan Gupta

NEWS PR डेस्क: रविवार को अररिया जिले के फारबिसगंज शहर में महावीरी झंडा की ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई। करीब 8 किलोमीटर लंबी शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शहर की सड़कें भगवा ध्वज और धार्मिक नारों से गूंजती रहीं। जगह-जगह लोगों ने शोभायात्रा का स्वागत किया।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में युवाओं के साथ जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और विभिन्न संगठनों के लोग भी शामिल हुए। श्रद्धालु जय श्रीराम और हनुमान के जयकारे लगाते हुए आगे बढ़ते रहे। शोभायात्रा में भगवान शंकर की आकर्षक झांकी सहित कई धार्मिक झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं।

शोभायात्रा जुलूस सेंट्रल चौक से शुरू होकर स्टेशन चौक, बड़ा शिवालय रोड, द्विजदेनी चौक, काली मंदिर चौक, पटेल चौक, रेणु चौक, सदर रोड, पोस्ट ऑफिस चौक होते हुए जीवाजोर तक पहुंची।

पूरे मार्ग में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा।

आयोजन को लेकर प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। डीएम-एसपी के निर्देश पर पुलिस बल और दंडाधिकारी तैनात रहे, जबकि एसडीएम, एसडीपीओ समेत अन्य अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। सीसीटीवी, ड्रोन कैमरे और वीडियोग्राफी के जरिए भी शोभायात्रा की निगरानी की गई।

इस अवसर पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं की भी मौजूदगी रही।

पूर्व विधायक, नगर परिषद के मुख्य पार्षद, उपमुख्य पार्षद समेत कई जनप्रतिनिधियों ने शोभायात्रा में शामिल होकर सामाजिक एकता और सौहार्द का संदेश दिया। धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक समरसता का यह दृश्य फारबिसगंज की एकता की तस्वीर पेश करता नजर आया।

अररिया से धन्नु कुमार मिश्रा की रिपोर्ट;–

Share This Article