NEWS PR डेस्क : बिहार के पूर्णिया में भवन निर्माण विभाग से जुड़े एक कार्यपालक अभियंता के खिलाफ निगरानी विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है। बुधवार सुबह से इंजीनियर सत्येंद्र कुमार चौधरी से जुड़े तीन परिसरों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। इनमें दो स्थान पूर्णिया और एक परिसर पटना में बताया जा रहा है।

निगरानी विभाग की यह कार्रवाई कथित तौर पर आय से अधिक संपत्ति के मामले में मिली शिकायत और प्रारंभिक जांच में सामने आए तथ्यों के बाद की गई है।
तीन स्थानों पर एक साथ तलाशी
जानकारी के मुताबिक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की अलग-अलग टीमों ने बुधवार सुबह संबंधित परिसरों में पहुंचकर दस्तावेजों और अन्य सामग्री की जांच शुरू की।। बताया गया है कि अभियंता की घोषित आमदनी और उनके नाम से सामने आई संपत्तियों के बीच कथित असमानता को लेकर शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद तलाशी के लिए विशेष न्यायालय से अनुमति ली गई।
दस्तावेजों की जांच के बाद सामने आएगी स्थिति
विजिलेंस टीम तलाशी के दौरान प्राप्त दस्तावेजों और अन्य रिकॉर्ड को अपने कब्जे में लेकर उनका परीक्षण करेगी। विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बरामद सामग्री के विस्तृत विश्लेषण के बाद ही मामले से जुड़े तथ्यों की तस्वीर स्पष्ट होगी। जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया तय की जाएगी। फिलहाल निगरानी विभाग की ओर से छापेमारी से संबंधित बरामदगी या संपत्ति के मूल्य को लेकर विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई है।