NEWS PR डेस्क : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन के मौके पर बिहार में भारतीय जनता पार्टी की ओर से आज से ‘सेवा संकल्प अभियान’ की शुरुआत की जा रही है। यह अभियान 17 अक्टूबर तक चलेगा। अभियान के तहत राज्यभर में सेवा, स्वच्छता, रक्तदान और सामाजिक सरोकार से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
पटना समेत कई जिलों में होंगे कार्यक्रम
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर पटना समेत बिहार के कई जिलों में हवन-पूजन का आयोजन किया जा रहा है। भाजपा प्रदेश कार्यालय स्थित अटल सभागार में रक्तदान शिविर भी लगाया जाएगा। पार्टी की ओर से युवाओं को सेवा कार्यों से जोड़ने के साथ-साथ विभिन्न स्थानों पर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। बेगूसराय में स्वच्छता अभियान के दौरान जिलाधिकारी समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों के सड़क पर झाड़ू लगाने की तस्वीरें भी सामने आई हैं।
लाखों दीयों से रोशन होगा बिहार
पीएम मोदी के जन्मदिन के अवसर पर बिहार में बड़े स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम की तैयारी है। राजधानी पटना में ही ढाई से तीन लाख से अधिक दीए जलाए जाने की बात है। बेगूसराय में भाजपा ने प्रत्येक बूथ पर 250 दीए जलाने का लक्ष्य रखा है। जिले में करीब 2,500 पोलिंग बूथ हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन की ओर से 10 स्थानों पर 500-500 दीए जलाए जाएंगे। वहीं, सिमरिया घाट पर करीब 6,000 दीए जलाने की तैयारी है। आयोजकों के अनुमान के मुताबिक, इन कार्यक्रमों को मिलाकर बिहार में प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर करीब 21 लाख दीए जलाए जाने की योजना है।
नया मंदिरी नाला और इनकम टैक्स गोलंबर पर विशेष आयोजन
पटना में नया मंदिरी नाला और इनकम टैक्स गोलंबर के पास करीब 25 हजार दीए जलाए जाएंगे। आयोजन के दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन और राष्ट्रसेवा के लिए आशीर्वाद की कामना की जाएगी। भाजपा की ओर से लोगों से भी इस अवसर पर दीप जलाने और ‘विकसित भारत’ तथा ‘समृद्ध बिहार’ के संकल्प को मजबूत करने की अपील की गई है।
17 अक्टूबर तक चलेगा अभियान
‘सेवा संकल्प अभियान’ के दौरान भाजपा की ओर से अलग-अलग जिलों में सामाजिक और जनसेवा से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पार्टी के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सेवा कार्यों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ना है।