NEWS PR डेस्क: रोहतास जिले के अमझोर थाना क्षेत्र के रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा पूजा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा सड़क हादसा हो गया। प्रतिमा लेकर सोन नदी की ओर जा रहे ट्रैक्टर में एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में ट्रैक्टर पर सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि पांच से अधिक युवक घायल बताए जा रहे हैं। घायलों में दो की हालत चिंताजनक बताई गई है। मृतकों की पहचान आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी के रूप में हुई है।
विसर्जन के लिए निकले थे गांव के युवक
बताया गया कि रमडीहरा गांव में विश्वकर्मा भगवान की प्रतिमा स्थापित की गई थी। पूजा के बाद गांव के युवक प्रतिमा को ट्रैक्टर पर रखकर विसर्जन के लिए सोन नदी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-2C पर ट्रैक्टर को एक ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर पर सवार कई युवक घायल हो गए।
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। मृतक आशीष शर्मा और अजीत चंद्रवंशी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया।
दो घायलों की हालत गंभीर, वाराणसी रेफर
हादसे में घायल दो युवकों को इलाज के लिए सासाराम सदर अस्पताल लाया गया वहीं, गंभीर रूप से घायल दो युवकों को बेहतर इलाज के लिए वाराणसी रेफर किया गया है। एक-दो अन्य घायल युवकों को जमुहार स्थित मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की निगरानी में घायलों का इलाज चल रहा है।
हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातम का माहौल है। विश्वकर्मा पूजा के बाद विसर्जन के लिए निकले युवकों के साथ हुए इस हादसे से ग्रामीणों में दुख और आक्रोश है।
आक्रोशित लोगों ने ट्रक में लगाई आग
हादसे के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने दुर्घटना में शामिल ट्रक में आग लगा दी। देखते ही देखते ट्रक धू-धू कर जलने लगा। बताया जा रहा है कि ट्रक पर गिट्टी लदी हुई थी।
घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, चालक की पहचान कर ली गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे के कारणों के साथ-साथ ट्रक चालक की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मृतक आशीष शर्मा के पिता रविंद्र शर्मा ने हादसे के बाद परिवार की स्थिति और घटना को लेकर अपनी बात रखी। पुलिस की आगे की कार्रवाई और जांच के बाद हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों के स्पष्ट होने की उम्मीद है।
रोहतास से रिपोर्टर: रंजन सिंह