पटना में घर के अंदर चल रही थी नकली शराब की फैक्ट्री, छापेमारी में मशीन और हजारों बोतलें बरामद

Shreya Raj
पटना के जकरियापुर में नकली शराब की फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान बरामद शराब की बोतलें, नकली लेबल, ढक्कन और शराब बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान।

NEWS PR डेस्क: पटना के जकरियापुर इलाके में उत्पाद विभाग ने नकली विदेशी शराब बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का खुलासा किया है। गोपालपुर थाना क्षेत्र के एक मकान में छापेमारी के दौरान टीम को शराब बनाने की मशीन, हजारों खाली बोतलें, ब्रांडेड कंपनियों के नकली रैपर और ढक्कन के साथ तैयार नकली शराब भी मिली। कार्रवाई से पहले ही अवैध कारोबार में शामिल लोग मौके से फरार हो गए।

गुप्त सूचना पर उत्पाद विभाग ने की छापेमारी

उत्पाद विभाग को सूचना मिली थी कि जकरियापुर में एक घर के अंदर लंबे समय से नकली विदेशी शराब तैयार की जा रही है। सूचना की पुष्टि के बाद विभाग की टीम ने मकान पर दबिश दी हालांकि टीम के पहुंचने से पहले ही आरोपी वहां से फरार हो चुके थे। इसके बाद अधिकारियों ने पूरे मकान की तलाशी ली, जहां नकली शराब तैयार करने से जुड़ा सामान बड़ी मात्रा में बरामद हुआ।

मशीन के साथ हजारों खाली बोतलें और नकली रैपर बरामद

तलाशी के दौरान शराब बनाने वाली मशीन के अलावा बड़ी संख्या में खाली बोतलें मिलीं। अलग-अलग ब्रांडेड कंपनियों के नाम वाले नकली रैपर और बोतलों के ढक्कन भी बरामद किए गए। इसके साथ ही तैयार नकली शराब भी मौके से मिली। बरामद सामान से आशंका जताई जा रही है कि नकली शराब को ब्रांडेड कंपनियों के नाम और पैकेजिंग में तैयार कर बाजार में खपाने की तैयारी थी।

मकान सील, फरार आरोपियों की तलाश जारी

उत्पाद विभाग ने बरामद नकली शराब और अन्य सामान को जब्त कर लिया है। जिस मकान में यह अवैध फैक्ट्री चल रही थी, उसे भी सील कर दिया गया है। अब विभाग की टीम फरार आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी में जुटी है साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि यहां तैयार की जा रही नकली शराब की सप्लाई किन इलाकों में की जाती थी।

उत्पाद विभाग के उपायुक्त प्रेम प्रकाश ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। छापेमारी में नकली शराब बनाने से जुड़े कई सामान बरामद हुए हैं। मामले की आगे जांच की जा रही है और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article