देर रात भागलपुर में SSP का औचक निरीक्षण, थानों से लेकर गश्ती व्यवस्था तक जांची

Shreya Raj
देर रात औचक निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों और जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते SSP प्रमोद कुमार।

NEWS PR डेस्क: भागलपुर: शहर में पुलिस की रात्रि गश्ती और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार ने देर रात कई थानों का अचानक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थानों की सुरक्षा व्यवस्था के साथ वायरलेस सिस्टम और डायल-112 की कार्यप्रणाली की जानकारी ली। बिना पूर्व सूचना के हुए इस निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों और जवानों से व्यवस्था का अपडेट लिया और रात के समय पुलिस की सक्रियता की जांच की।

वायरलेस से गश्ती टीमों की खुद ली जानकारी

निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रमोद कुमार ने वायरलेस के जरिए अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तैनात गश्ती वाहनों से सीधे संपर्क किया।

उन्होंने गश्ती दलों से उनकी वर्तमान लोकेशन के बारे में जानकारी ली और यह भी जांचा कि पुलिस वाहन अपने निर्धारित क्षेत्र में नियमित रूप से भ्रमण कर रहे हैं या नहीं। एसएसपी ने रात्रि गश्ती की वास्तविक स्थिति जानने के लिए पुलिसकर्मियों से सीधे संपर्क कर मौके की स्थिति का जायजा लिया।

डायल-112 और सुरक्षा व्यवस्था पर भी नजर

औचक निरीक्षण के दौरान थानों में सुरक्षा व्यवस्था की स्थिति के साथ डायल-112 की व्यवस्था को भी देखा गया। एसएसपी ने यह जानने की कोशिश की कि आपात स्थिति में पुलिस की त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था कितनी सक्रिय है।

इसके साथ ही वायरलेस संचार व्यवस्था को लेकर भी जानकारी ली गई। देर रात अचानक एसएसपी के थानों में पहुंचने से पुलिसकर्मियों के बीच हलचल बढ़ गई और सभी संबंधित कर्मी अपनी ड्यूटी को लेकर सतर्क नजर आए।

रात्रि गश्ती और विधि-व्यवस्था को लेकर निर्देश

निरीक्षण के दौरान एसएसपी प्रमोद कुमार ने पुलिस अधिकारियों और जवानों को रात्रि गश्ती को प्रभावी बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि रात के समय पुलिस की मौजूदगी और सक्रियता बनाए रखना जरूरी है, ताकि शहर में कानून-व्यवस्था बेहतर रहे।

गश्ती दलों को अपने निर्धारित क्षेत्रों में लगातार सक्रिय रहने और किसी भी स्थिति में तत्परता के साथ कार्रवाई करने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। रिपोर्ट श्यामानंद सिंह, भागलपुर।

भागलपुर से रिपोर्टर: शयामानंद सिह

Share This Article