मोक्ष की भूमि गया में पितृपक्ष के पावन अवसर पर एक विशेष और भक्तिमय दृश्य देखने को मिला। शिवसेना संस्थापक हिंदू हृदय सम्राट बालासाहेब ठाकरे की बहु स्मिता ठाकरे अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंड दान करने गया पहुंचीं।
पूजा-अर्चना के दौरान वे काफी भावुक नजर आईं। उनकी आंखें नम हो गईं। मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने अपनी भावनाएं व्यक्त कीं और सनातन धर्म, हिंदू राष्ट्र और अपने विचारों को खुलकर सामने रखा।
’बालासाहेब और पूर्वजों की शांति के लिए किया पिंड दान’
पत्रकारों से बातचीत में स्मिता ठाकरे ने बताया कि वे यहां अपने परम पूज्य ससुर बालासाहेब ठाकरे, अपने पिताजी मधुकर चित्रे और अपनी सासू मां की आत्मा की शांति के लिए तर्पण करने आई हैं।
उन्होंने कहा:
आमतौर पर ऐसा माना जाता है कि महिलाएं पिंडदान नहीं करती हैं। लेकिन जब हमने सीता मैया की कथा सुनी, तो हमें बहुत बड़ा संबल और प्रेरणा मिली। हमने तय किया कि हम भी अपने पितरों और पूर्वजों का तर्पण करेंगे। हमें खुशी है कि आज हमने अपने हाथों से यह पूजा-अर्चना संपन्न की।
गया की धरती को किया नमन,
स्मिता ठाकरे ने गया की पवित्र भूमि और वहां की संस्कृति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि बिहार की इस पावन धरती पर आने का सौभाग्य उन्हें मिला, इसके लिए वे बेहद आभारी हैं।
उन्होंने स्थानीय प्रशासन, पंडा समाज और लोगों का धन्यवाद करते हुए कहा कि महाराष्ट्र से भी कई लोग गया आते हैं। दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक और आत्मिक संबंध बेहद मजबूत हैं।
’हम राजनीति में नहीं, समाज सेवा में हैं’!
महाराष्ट्र की मौजूदा राजनीति पर पूछे गए सवाल को टालते हुए उन्होंने स्पष्ट किया:
”हम कभी सीधी राजनीति में नहीं रहे हैं। हमने हमेशा समाज सेवा की है। बालासाहेब ठाकरे ने हमें हमेशा एक ही मंत्र दिया था- अपना काम ईमानदारी से करते रहो। समाज के हर वर्ग तक पहुंचो और उनका भला करो। हम वही कार्य आगे बढ़ा रहे हैं।
’गर्व से कहो हम हिंदू हैं !
हिंदुत्व के मुद्दे पर बात करते हुए स्मिता ठाकरे ने कहा कि सनातन धर्म बालासाहेब ठाकरे की रगों में दौड़ता था।
”उन्होंने हमेशा हमें सिखाया कि गर्व से कहो हम हिंदू हैं। हम उसी हिंदुत्व और सनातन परंपरा का प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। आज की नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और सनातन धर्म का महत्व समझना बहुत जरूरी है।”
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचारों का समर्थन,
बातचीत के अंत में स्मिता ठाकरे ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भी खुलकर सराहना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जिस तरह से हिंदुत्व, सनातन धर्म और राष्ट्र सेवा को आगे बढ़ा रहे हैं, वह सराहनीय है। वे सनातन का महत्व पूरी दुनिया और नई पीढ़ी को समझा रहे हैं। वे भी उनके इस विचार और कदम के साथ मजबूती से खड़ी हैं।
गया से आशीश कुमार की रिपोर्ट ;-