किशनगंज: बिहार के स्कूली फुटबॉल खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच मिला है। किशनगंज के खगड़ा स्थित शहीद अशफाक उल्लाह खां स्टेडियम में बुधवार को राज्य स्तरीय बालक फुटबॉल प्रतियोगिता 2026 का शुभारंभ हुआ। विद्यालय खेल महाकुंभ के तहत आयोजित यह प्रतियोगिता 14 से 16 अक्टूबर तक चलेगी। इसमें अंडर-14 और अंडर-17 वर्ग में बिहार के सभी जिलों की टीमें हिस्सा ले रही हैं।
डीएम और एसपी ने किया उद्घाटन
प्रतियोगिता का उद्घाटन जिलाधिकारी नवीन कुमार और पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान खेल आयोजन से जुड़े अधिकारी भी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के जरिए युवा खिलाड़ियों को अपनी खेल क्षमता प्रदर्शित करने और आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे लाने की पहल
जिला खेल अधिकारी आदित्य कुमार ने बताया कि बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के सहयोग से इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य स्कूली स्तर पर फुटबॉल को बढ़ावा देना और ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को पहचान दिलाना है।
उन्होंने बताया कि ऐसे आयोजनों से बच्चों में खेल के प्रति रुचि बढ़ेगी और उन्हें राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा। तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे।
किशनगंज से मसरूर रईस की रिपोर्ट ;-