NEWS PR डेस्क : बिहार में खगड़िया के एसपी भानु प्रताप सिंह और उनकी पत्नी पूजा के बीच वैवाहिक विवाद का मामला चर्चा में है। पूजा ने पति से तलाक नहीं लेने और अपनी बच्ची के साथ रहने की इच्छा जताते हुए पुलिस मुख्यालय में डीजीपी से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि उन्हें आर्थिक मदद नहीं, बल्कि अपना पति और बच्ची चाहिए। पूजा का आरोप है कि पिछले करीब डेढ़ महीने से उनकी बेटी से बात तक नहीं कराई जा रही है।
DGP से मिलने पहुंचीं पूजा, धरने पर बैठीं
पूजा के मुताबिक, वह अपनी शिकायत लेकर पुलिस मुख्यालय पहुंची थीं, लेकिन शुरुआत में उनकी मुलाकात डीजीपी से नहीं हो सकी। इसके बाद वह धरने पर बैठ गईं। काफी अनुरोध के बाद उनकी मुलाकात हुई। हालांकि, पूजा ने आरोप लगाया कि उन्हें मामले में अपेक्षित सहयोग नहीं मिल रहा है।
पति ने दाखिल की तलाक की अर्जी
पूजा का दावा है कि उनके पति भानु प्रताप ने तलाक की अर्जी दाखिल की है। उन्होंने कहा कि वह जानना चाहती हैं कि आखिर तलाक लेने की वजह क्या है। पूजा के अनुसार, सितंबर से उन्हें आर्थिक मदद भी नहीं मिल रही है। उन्होंने अपनी कमजोर आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि कानूनी लड़ाई लड़ना उनके लिए मुश्किल हो रहा है।
डेढ़ महीने से बच्ची से बातचीत बंद होने का आरोप
पूजा ने आरोप लगाया कि खगड़िया में रहने के दौरान उनकी बच्ची से बात होती थी, लेकिन पटना आने के बाद बातचीत बंद कर दी गई। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या एक मां को अपनी ही बच्ची से बात करने के लिए कस्टडी की जरूरत पड़नी चाहिए? उनका कहना है कि बच्ची पर मां और पिता, दोनों का अधिकार है।
परिवार बचाना चाहती हैं पूजा
पूजा ने स्पष्ट किया कि वह अपने पति से लड़ना नहीं चाहतीं, बल्कि परिवार को बचाना चाहती हैं। उन्होंने कहा कि वह आगे कानूनी कार्रवाई जारी रखेंगी, लेकिन उनकी मांग नहीं बदलेगी। मैं जानना चाहती हूं कि आखिर मेरे साथ ऐसा क्यों किया जा रहा है।
पूजा का कहना है कि भानु की तरफ से मुझ पर तरह-तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। कहा जा रहा कि मैं उनके दस्तावेज ले लेती हूं और कई तरह की गलत हरकतें करती हूं। मैं पूछना चाहती हूं कि जिस पति के साथ मैंने दिन-रात अपने भविष्य के सपने देखे, क्या मैं उनके साथ ऐसा कर सकती हूं? मेरे ऊपर गलत आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे मुझे काफी तकलीफ हो रही है। मैं जानना चाहती हूं कि आखिर तलाक दाखिल करने की वजह क्या है? मेरे पास इतने पैसे भी नहीं हैं कि मैं वकील कर सकूं और कानूनी लड़ाई लड़ सकूं। भानु इस बात को अच्छी तरह जानते हैं कि मेरी आर्थिक स्थिति क्या है।