कैमूर बुधवार को माँ मुंडेश्वरी धाम में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुविधा,सुगम यातायात तथा विधि-व्यवस्था संधारण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग द्वारा धाम का औचक निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों की उपस्थिति, ब्रीफिंग की व्यवस्था,वाहनों के आवागमन तथा मंदिर तक ऊपर जाने एवं नीचे आने वाले वाहनों के परिचालन की व्यवस्था का जायजा लिया गया।
इस दौरान संबंधित पदाधिकारियों को यातायात प्रबंधन,पार्किंग व्यवस्था एवं श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के क्रम में वाहनों के सुव्यवस्थित परिचालन एवं पार्किंग की समुचित व्यवस्था हेतु चार पार्किंग स्थलों को चिह्नित किया गया।
इनमें माँ मुंडेश्वरी होटल के बगल में,होटल रंगमंच के पास,मुंडेश्वरी पार्क से सटे स्थान पर तथा हनुमान गढ़ी रोड के पास स्थित पार्किंग स्थल शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने सभी चिह्नित पार्किंग स्थलों को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित बनाने तथा वहाँ स्पष्ट होर्डिंग लगाने का निर्देश दिया। साथ ही,प्रत्येक पार्किंग स्थल पर प्रवेश (Entry) एवं निकास (Exit) मार्ग को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने का निर्देश दिया,ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को पार्किंग तथा वाहनों के आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने निर्देश दिया कि मंदिर के ऊपर जाने एवं नीचे आने वाले वाहनों के परिचालन को सुव्यवस्थित रखा जाए,
श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की सुरक्षा तथा यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक स्थलों पर ड्रॉप गेट,बैरिकेडिंग एवं बैरियर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
भीड़ एवं वाहनों के दबाव को नियंत्रित करने,अनावश्यक वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाने तथा आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए इनका प्रभावी उपयोग किया जाए।
विधि-व्यवस्था एवं यातायात प्रबंधन के लिए प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी निर्धारित स्थलों पर पर्याप्त संख्या में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे तथा यातायात व्यवस्था की सतत निगरानी सुनिश्चित करेंगे।
निरीक्षण के दौरान हनुमान गढ़ी रोड की स्थिति खराब पाई गई तथा सड़क पर कई गड्ढे पाए गए। इस पर जिला पदाधिकारी ने संबंधित कार्यपालक अभियंता को तत्काल सड़क की मरम्मत कराने एवं गड्ढों को भरकर आवागमन सुगम बनाने का निर्देश दिया,ताकि श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो।
इसके अतिरिक्त,जिला पदाधिकारी ने माँ मुंडेश्वरी मंदिर न्यास के सचिव अशोक कुमार सिंह को निर्देश दिया कि न्यास के अंतर्गत कार्यरत सभी वॉलंटियरों को विधि- व्यवस्था संधारण में सक्रिय रूप से लगाया जाए तथा श्रद्धालुओं के आवागमन को सुचारु बनाए रखने में उनका समुचित सहयोग सुनिश्चित किया जाए।
न्यास के अंतर्गत आने वाली व्यवस्थाओं एवं संसाधनों को सुव्यवस्थित एवं स्वच्छ रखने तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के अनुरूप सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने न्यास के अंतर्गत संचालित सभी वाहनों की नियमित जाँच एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। सभी वाहनों को चालू हालत में, स्वच्छ एवं परिचालन के लिए तैयार रखा जाए।
वाहनों की तकनीकी स्थिति, ब्रेक,टायर,लाइट,ईंधन एवं अन्य आवश्यक उपकरणों की नियमित जाँच कराई जाए तथा वाहनों के परिचालन हेतु पर्याप्त संख्या में चालकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए, ताकि आवश्यकता के समय वाहनों का सुचारु रूप से उपयोग किया जा सके।
उन्होंने निर्देश दिया कि किसी भी वाहन में तकनीकी खराबी आने की स्थिति में तत्काल मरम्मत कराने हेतु मैकेनिक एवं आवश्यक तकनीकी सहायता की व्यवस्था उपलब्ध रखी जाए।
आपात स्थिति में श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आवागमन में बाधा उत्पन्न न हो,इसके लिए वैकल्पिक वाहन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाए। त्वरित कार्रवाई के लिए संबंधित कर्मियों एवं मैकेनिक के संपर्क विवरण उपलब्ध रखने तथा वाहनों के रखरखाव एवं मरम्मत का नियमित रिकॉर्ड संधारित करने का निर्देश दिया गया,ताकि न्यास के वाहनों की उपलब्धता एवं परिचालन व्यवस्था निर्बाध बनी रहे।
जिला पदाधिकारी कुमार अनुराग ने संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि माँ मुंडेश्वरी धाम में विधि-व्यवस्था,यातायात प्रबंधन,पार्किंग एवं वाहन परिचालन की समुचित व्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए सभी आवश्यक तैयारियाँ समय पर पूरी की जाएँ।
पार्किंग स्थलों,प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों तथा मंदिर के ऊपर जाने एवं नीचे आने वाले मार्गों पर आवश्यकतानुसार ड्रॉप गेट एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था करते हुए प्रवेश एवं निकास को नियंत्रित रखा जाए।
सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें,ताकि माँ मुंडेश्वरी धाम आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को सुरक्षित,सुगम एवं व्यवस्थित आवागमन की सुविधा उपलब्ध हो सके।
कैमूर से बर्जेश कुमार की रिपोर्ट ;-