NEWS PR डेस्क : बिहार के राघोपुर में नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत के बाद लोगों में भारी नाराजगी है। हादसे के बाद स्थानीय विधायक और नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव बुधवार रात रामपुर श्यामचंद गांव पहुंचे, जहां उन्हें लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। नाराज लोगों ने ‘इस्तीफा दो’ के नारे लगाते हुए सवाल उठाया कि इतने बड़े हादसे के बाद वह पीड़ित परिवारों के बीच देर से क्यों पहुंचे।
तेजस्वी यादव के पहुंचते ही नारेबाजी
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार को हुए नाव हादसे के बाद बुधवार को तेजस्वी यादव पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। इस दौरान वहां मौजूद कुछ लोगों ने नाराजगी जाहिर की और उनके खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। लोगों का कहना था कि राघोपुर उनका विधानसभा क्षेत्र है, ऐसे में उन्हें हादसे के बाद जल्द पीड़ित परिवारों के बीच पहुंचना चाहिए था। लोगों ने सवाल उठाया कि अगर क्षेत्र में काम नहीं हो रहा है, तो उन्हें इस्तीफा दे देना चाहिए. इस दौरान मौके पर काफी गहमागहमी देखने को मिली.
नाव हादसे में 13 बच्चों की मौत
रामपुर श्यामचंद गांव के पास गंगा नदी में मंगलवार को नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई थी। बताया जा रहा है कि बच्चे नदी के दूसरी ओर श्राद्ध का भोज खाने जा रहे थे। इसी दौरान नाव पलट गई और कई बच्चे नदी में डूब गए। हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
प्रशासन पर भी उठ रहे सवाल
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन की भूमिका को लेकर भी नाराजगी है। लोगों ने घटना को लेकर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। इससे पहले सांसद चिराग पासवान भी पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। फिलहाल, इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक के साथ-साथ लोगों में आक्रोश का माहौल बना हुआ है।