किशनगंज: जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस की ओर से लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 14 अक्टूबर 2026 को किशनगंज थाना क्षेत्र के खगड़ा पासवान टोला में पुलिस ने छापेमारी कर 434.10 ग्राम स्मैक (हेरोइन जैसा पदार्थ), 85,990 रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन और दो इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए। मौके से 31 वर्षीय उमर फारूक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देशन में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
सूचना मिली थी कि खगड़ा पासवान टोला निवासी उमर फारूक अपने मकान में अवैध मादक पदार्थ रखकर तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी-1 खुसरू सिराज के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में एएनटीएफ, जिला आसूचना इकाई, विशेष कार्य बल और स्थानीय थाना पुलिस को शामिल किया गया था। विशेष टीम ने उमर फारूक के घर पर विधिवत छापेमारी की।
तलाशी के दौरान मादक पदार्थ समेत अन्य सामान बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री में संलिप्त होने की बात बताई है।गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस अब इस मामले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान करने के साथ ही मादक पदार्थ की आपूर्ति और बिक्री से जुड़े नेटवर्क का पता लगा रही है। बरामद मोबाइल फोन की तकनीकी जांच भी की जा रही है, ताकि तस्करी के बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंकेज का खुलासा हो सके। इसके अलावा, अपराध से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में किशनगंज थाना कांड संख्या 1133/26, दिनांक 14 अक्टूबर 2026 को एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8(सी)/21(सी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
किशनगंज से मसरूर रईस की रिपोर्ट ;-