तेज प्रताप यादव पर अनुष्का का तंज या नरम रुख? बोलीं- मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : बिहार की राजनीति में लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव और अनुष्का यादव का विवाद एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से दोनों के रिश्ते और बेटी उज्जैनी के जन्म को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच अनुष्का यादव पहली बार कैमरे के सामने आईं। पटना में आयोजित डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में पहुंचीं अनुष्का ने तेज प्रताप को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी और कहा कि वह उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती हैं। उनका पूरा ध्यान अपनी बेटी पर है।

अनुष्का यादव अपने भाई आकाश यादव और बेटी उज्जैनी के साथ कार्यक्रम में पहुंची थीं। इस दौरान उन्होंने कहा, “मैं उनकी बातों पर ध्यान नहीं देती हूं। मेरा पूरा ध्यान मेरी बेटी पर है।” तेज प्रताप की ओर से लगाए जा रहे आरोपों पर उन्होंने ज्यादा कुछ बोलने से इनकार किया और इसे पारिवारिक मामला बताया। डांडिया नाइट्स कार्यक्रम में पहुंचीं अनुष्का यादव ने तेज प्रताप यादव को लेकर कहा, “वो जितनी भी कंट्रोवर्सी कर रहे हैं, उन सारी चीजों के लिए मैं उनको धन्यवाद देती हूं। उसके लिए मैं कुछ बोल नहीं सकती हूं। मैं उनके लिए प्रार्थना करती हूं। मैं उनके लम्बे स्वास्थ्य की कामना करती हूं।

जबरन घर में घुसने के आरोप पर क्या बोलीं अनुष्का?
घर में जबरन घुसने की कोशिश के आरोप पर अनुष्का ने कहा कि उस समय उनके भाई आकाश यादव घर पर मौजूद नहीं थे। उनके मुताबिक, तेज प्रताप अपने पीए मोतीलाल के साथ घर में जबरन घुसना चाह रहे थे। हालांकि, उन्होंने इस मामले में विस्तार से कुछ भी कहने से परहेज किया। अनुष्का ने कहा कि परिवार से जुड़ी इन बातों को वह मीडिया के सामने नहीं रखना चाहतीं। उन्होंने तेज प्रताप के लिए प्रार्थना करने और उनके अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने की बात भी कही।
अनुष्का के बयान के बाद तेज प्रताप की पोस्ट
अनुष्का के बयान के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर बिना किसी का नाम लिए अपने विरोधियों पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “जलने वाले जलते रहें, हम आगे बढ़ते रहेंगे!” तेज प्रताप ने अपनी मां राबड़ी देवी, भाई तेजस्वी यादव और बहन के साथ तस्वीर साझा करते हुए कहा कि उन्हें दूसरों की बातों से कोई फर्क नहीं पड़ता। उन्होंने अपने काम और लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखने की बात कही।
बेटी के जन्म के बाद शुरू हुआ विवाद
5 फरवरी 2026 को अनुष्का यादव के बेटी को जन्म देने के बाद यह मामला चर्चा में आया। 8 फरवरी से बच्ची के पिता को लेकर अटकलें तेज हुईं। इस बीच तेज प्रताप ने मीडिया के सामने आकर अनुष्का से संबंध और बच्ची के पितृत्व से जुड़ी खबरों को खारिज किया था। तेज प्रताप ने इस मामले में कुछ अन्य लोगों पर भी आरोप लगाए थे।
फिलहाल, अनुष्का के ताजा बयान और तेज प्रताप की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद दोनों से जुड़ा विवाद फिर चर्चा में है। अनुष्का ने जहां बेटी की परवरिश को अपनी प्राथमिकता बताया है, वहीं तेज प्रताप ने अपने लक्ष्य और काम पर ध्यान देने की बात कही है।

Share This Article