राघोपुर नाव हादसे पर सवाल से भड़के जीतनराम मांझी, बोले- ‘हंसुआ के बियाह में खुरपा का गीत…’

Rashmi Tiwari

NEWS PR डेस्क : गया। राघोपुर नाव हादसे में हुई मौतों और सरकार की लापरवाही को लेकर पूछे गए सवाल पर केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी नाराज हो गए। अस्पताल के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे मांझी से जब हादसे को लेकर सवाल किया गया, तो उन्होंने सीधे जवाब देने के बजाय तंज कसते हुए कहा, “हंसुआ के बियाह में खुरपा का गीत गाने लग गए हैं आप लोग।” उन्होंने कहा कि हर जगह एक ही मुद्दे पर बात नहीं करनी चाहिए।

हालांकि, मांझी ने नाव हादसे को दुखद बताते हुए कहा कि घटना की जांच की जा रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि परिचालन बंद होने के बावजूद नाव कैसे चली और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।
नाव हादसे की जांच जारी, परिचालन को लेकर उठे सवाल
राघोपुर में हुए नाव हादसे और इसमें हुई मौतों के बाद घटना की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं। इसी मुद्दे पर सरकार की जिम्मेदारी और कथित लापरवाही को लेकर सवाल पूछे जाने पर मांझी ने अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हादसे की पड़ताल की जा रही है और यह स्पष्ट करने की कोशिश हो रही है कि प्रतिबंध या परिचालन बंद होने के बावजूद नाव कैसे चली।
विरोध-प्रदर्शनों पर मांझी का विपक्ष पर निशाना
देश में चल रहे विरोध-प्रदर्शनों पर भी केंद्रीय मंत्री ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ तत्व भारत की तरक्की को रोकने और देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। मांझी ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2029 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है। उन्होंने विदेशी ताकतों पर भारत की प्रगति से असहज होने का आरोप लगाते हुए कहा कि कुछ लोग आंदोलनों के जरिए देश में अस्थिरता फैलाना चाहते हैं।
संवैधानिक संस्थाओं को लेकर विपक्ष पर आरोप
केंद्रीय मंत्री जीतनराम मांझी ने विपक्ष पर राष्ट्रपति, चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संवैधानिक संस्थाओं का मखौल उड़ाने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश की प्रगति में बाधा डालने और संस्थाओं की गरिमा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों से बचना चाहिए। । गया से आशीष कुमार की रिपोर्ट।

Share This Article