महानवमी के पावन अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मुंगेर जिले के तारापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न दुर्गा मंदिरों और पूजा पंडालों में पहुंचकर मां दुर्गा का दर्शन-पूजन किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बिहार की सुख-शांति, समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना की।
मंदिरों में मुख्यमंत्री के पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत किया।मुख्यमंत्री ने दुर्गा स्थान संग्रामपुर, नवगाई, मनियाँ, बदरी विशाल नगर, माधोडीह, छोटी तिलडीहा, विहमा, धौनी, रणगाँव और लखनपुर सहित विभिन्न पूजा स्थलों में विधिवत पूजा-अर्चना की।
उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें विधायक और मुख्यमंत्री बनाया है। अब उनका प्रयास है कि तारापुर के साथ-साथ पूरे बिहार में विकास और समृद्धि को नई गति मिले।
मुख्यमंत्री ने रोजगार के मुद्दे पर कहा कि अगले पांच वर्षों में बिहार में पर्याप्त रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है, ताकि लोगों को रोजगार और मजदूरी के लिए दूसरे राज्यों में पलायन न करना पड़े। उन्होंने मां दुर्गा से बिहार को समृद्ध बनाने और विकास के पथ पर निरंतर आगे बढ़ाने की प्रार्थना की।
इससे पहले मुख्यमंत्री संग्रामपुर प्रखंड की कहुआ पंचायत स्थित बासुकीनाथ राय खेल मैदान में आयोजित फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में शामिल हुए। जूनियर स्पोर्टिंग क्लब, पाटम जमालपुर और झारखंड एफसी के बीच खेले गए फाइनल में झारखंड एफसी ने 2-0 से जीत दर्ज की।
मुख्यमंत्री ने दोनों टीमों के कप्तानों को ट्रॉफी देकर खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।दौरे के दौरान मुख्यमंत्री तारापुर विधायक कार्यालय भी पहुंचे और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की। इस अवसर पर कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे। महानवमी पर मुख्यमंत्री के दौरे से क्षेत्र में उत्साह का माहौल देखने को मिला।