वर्दी की जिम्मेदारी और मां की भक्ति, तिलक-चुनरी में दिखे सिटी SP

Rashmi Tiwari

दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को लेकर मुजफ्फरपुर जिला प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। कोलकाता में हुई दर्दनाक दुर्घटना के बाद शहर के पूजा पंडालों में सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी और तेज कर दी गई है। प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि मां दुर्गा के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो और पूरे जिले में शांतिपूर्ण माहौल बना रहे।

भीड़ नियंत्रण के लिए सड़कों पर उतरे वरिष्ठ अधिकारी

नवरात्रि के नौवें दिन मां सिद्धिदात्री की पूजा के अवसर पर मुजफ्फरपुर के विभिन्न पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी कुमार गौरव और एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा सहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते दिखाई दिए ।

बता दें कि डीएसपी अलय वत्स और सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी भी निरीक्षण अभियान में शामिल हैं। अधिकारियों द्वारा पंडालों में भीड़ की स्थिति, पुलिस बल की तैनाती और विधि-व्यवस्था से जुड़े इंतजामों की समीक्षा की जा रही है। स्थानीय पुलिस के साथ अतिरिक्त सुरक्षा बलों को भी तैनात किया गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।

सुरक्षा की जिम्मेदारी के बीच दिखी सिटी एसपी की आस्था

वहीं पूजा पंडालों के निरीक्षण के दौरान सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी का श्रद्धा से जुड़ा एक अलग अंदाज भी देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते हुए उनके माथे पर तिलक और गले में माता की चुनरी नजर आई। उनकी यह तस्वीर प्रशासनिक जिम्मेदारी के साथ धार्मिक आस्था की झलक भी पेश करती है।

श्रद्धालुओं से शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने लोगों को भरोसा दिलाया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है। पुलिसकर्मी लगातार ड्यूटी पर तैनात हैं और किसी भी समस्या की स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे धैर्य बनाए रखें, सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और मां दुर्गा की पूजा-अर्चना शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में करें।दुर्गा पूजा के दौरान बढ़ती भीड़ को देखते हुए प्रशासन की सक्रियता का उद्देश्य त्योहार को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराना है, ताकि श्रद्धालु बिना किसी बाधा के मां के दर्शन कर सकें।

Share This Article